16 अगस्त के बाद सरकार का कोई नुमाइंदा नहीं घुस पाएगा गांवों में : कै. भूपेंद्र
अमर उजाला ब्यूरो
जींद। अखिल भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति की जिला स्तरीय बैठक रविवार को जिला प्रधान कैप्टन भूपेंद्र सिंह जागलान की अध्यक्षता में जाट धर्मशाला में हुई। बैठक में कैप्टन भूपेंद्र सिंह जागलान ने कहा कि समाज में भाईचारे को कायम रखने के लिए समिति द्वारा 30 जुलाई को सर्वजातीय सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। जाट समुदाय के लोगों के आरक्षण व अन्य मांगों की सरकार द्वारा अनदेखी के चलते 16 अगस्त को जिले में प्रदेश सरकार के होने वाले कार्यक्रमों का बहिष्कार किया जाएगा। इसके बाद किसी भी सरकारी कार्यक्रम में लोगों से भाग नहीं लेने का आह्वान किया जाएगा व किसी भी नुमाइंदे को गांवों में नहीं घुसने दिया जाएगा।
उचाना ब्लॉक प्रधान बलवंत सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार समाज में भाईचारे को खराब करने की नीति अपनाए हुए है। इसके चलते समाज के कुछ समुदाय आरक्षण से वंचित हैं। भाजपा सरकार प्रदेश में झूठे वादे करके सत्ता में आई। इस कारण समाज का हर वर्ग सड़कों पर प्रदर्शन कर प्रदेश सरकार के खिलाफ रोष प्रकट कर रहा है। आशा वर्कर, मिड-डे मील वर्कर, भवन निर्माण मजदूर, बिजली निगम कर्मचारी व डाकखाना कर्मचारी की हड़ताल प्रदेश सरकार की गलत नीतियों को दर्शाती है। उन्होंने जिसका भुगतान प्रदेश सरकार को आगामी चुनाव में भुगतना पड़ेगा। इस मौके पर सुनील मलिक नफे सिंह, तेलूराम, रामकरण दलाल, बिजेंद्र संधू, कैप्टन रणधीर सिंह चहल, उमेद सिंह जागलान, रामफल जागलान, बलवान सिंह भी मौजूद रहे।