अमर उजाला ब्यूरो
जींद।
सदर थाना क्षेत्र के एक गांव में साढ़े चार वर्षीय बच्ची का गांव के ही एक दुकानदार ने शारीरिक शोषण किया। हालांकि परिजनों ने दो नाबालिग लड़कों पर दुष्कर्म के आरोप लगा रहे हैं, लेकिन पुलिस के अनुसार बच्ची ने एक ही लड़के द्वारा दुष्कर्म की बात स्वीकारी है। बच्ची को खून से लथपथ हालत में पड़ोस के ही एक व्यक्ति ने नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया। चिकित्सकों की टीम ने बच्ची का मेडिकल किया। मेडिकल में बच्ची के शारीरिक शोषण की बात सामने आई है। पुलिस ने गांव के ही एक नाबालिग आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वीरवार को पुलिस उसे अदालत में पेश करेगी।
बच्ची के परिजनों ने गांव के ही दो नागालिग लड़कों पर आरोप लगाया है। दोनों दसवीं कक्षा के छात्र हैं। परिजनों का कहना है कि दुकान में दो युवक थे और दोनों ने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया है। परिजनों के अनुसार इनमें से एक लड़का पहले भी छेड़खानी का आरोपी है। पुलिस के अनुसार घटना के बाद जब बच्ची रोने लगी तो लोग इकट्ठा हो गए। आरोपियों के साथ परिजनों की कहासुनी भी हुई। बच्ची की हालत खराब होने के कारण उसे तुरंत नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया गया। डीएसपी पवन कुमार ने कहा कि बच्ची ने केवल एक ही लड़के पर आरोप लगाए हैं। मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
डीएसपी सुनील कुमार के अनुसार उन्हें सूचना मिली थी कि सदर थाना क्षेत्र के गांव में एक बच्ची के साथ शारीरिक शोषण हुआ है। पुलिस ने मौके का मुआयना किया और तुरंत मामला दर्ज करते हुए आरोपी युवक की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद आरोपी को काबू कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी भी नाबालिग है। पुलिस सूत्रों के अनुसार साढ़े चार वर्षीय बच्ची पड़ोस की दुकान से दोपहर 12 बजे कुछ सामान लेने गए थी। उसी समय मौके पर फायदा उठाकर आरोपी ने बच्ची को दुकान में बुला लिया और उसके साथ गलत हरकत की। जब बच्ची रोने लगी तो आरोपी उसे छोड़कर फरार हो गया।
एसएसपी ने किया नागरिक अस्पताल का दौरा
एसएसपी डॉ. अरुण सिंह ने नागरिक अस्पताल पहुंचकर बच्ची के बारे में जानकारी हासिल की। उन्होंने चिकित्सकों से बात करके बच्ची की हालत में बारे में जाना। उन्होंने कहा कि मामले की जांच चल रही है। बच्ची की काउंसलिंग की जा रही है व आरोपी को काबू कर लिया है।