अमर उजाला ब्यूरो
जींद।
मंगलवार शाम 08:24 बजे भूकंप के झटके से जींद की धरती हिल गई। इससे लोग दहशत में आ गए और घरों से बाहर निकल आए। रिएक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 5.5 मापी गई है। तहसीलदार प्रवीण कुमार ने भूकंप आने की पुष्टि की है। उनका कहना है कि अब तक जानमाल के नुकसान का कोई समाचार नहीं है।
शाम को जब लोग घरों में आराम कर रहे थे, तभी 08:24 बजे कुछ क्षणों के लिए धरती हिल उठी। इससे लोग सहम गए और घरों से बाहर की ओर दौड़े। कुछ देर तक लोग सड़कों पर व गलियों में ही डटे रहे और इसके बाद घरों में गए। कुछ क्षण के लिए आए भूकंप ने जींद में 2003 से 2005 तक आए भूकंप के झटकों की याद दिला दी। गौरतलब है कि उस समय शहर में आए दिन भूकंप के झटके आते थे और इससे भयभीत काफी लोगों ने शहर को छोड़ दिया था। बहरहाल लोग यही दुआ कर रहे हैं कि यह स्थिति दोबारा नहीं बने।