अमर उजाला ब्यूरो
नरवाना। कांग्रेस के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि भाजपा दलितों और गैर दलितों को लड़ाकर सत्ता में दोबारा लौटना चाहती है। उन्होंने कहा कि पहले देश में हिंदुओं और मुस्लिमों को लड़ाया। अब दलितों और गैर दलितों को लड़ाने के प्रयास में है। उन्होंने बताया कि गरीबों के बच्चों को मिलने वाले वजीफे की राशि में भारी कटौती करके गरीबों का शोषण किया जा रहा है।
शनिवार को डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती कार्यक्रम में में सुरजेवाला ने कहा कि डॉ. भीमराव आंबेडकर ने संविधान में गरीबों के हकों को उठाकर समाज में समानता लाने का प्रयास किया, लेकिन भाजपा और आरएसएस आरक्षण को खत्म करने का षड़यंत्र रच रही है। उन्होंने अखबारों की कटिंग दिखाते हुए कहा कि आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत और संचालक मनमोहन वैद्य कह रहे हैं कि आरक्षण के कारण देश में असमानता फैली है। समानता के लिए आरक्षण को खत्म कर देना चाहिए। उन्होंने बताया कि 1989 में राजीव गांधी की सरकार में एससी और एसटी के लोगों को संरक्षण देने के लिए कानून बनाया था जो केंद्र सरकार की दलील के कारण कमजोर हो रहा है, लेकिन कांग्रेस इसकी पूरी पैरवी करेगी। इस मौके पर कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता शमशेर सिंह सुरजेवाला, पूर्व विधायक फूल सिंह खेड़ी, कांग्रेस नेत्री विद्यारानी, बृजेंद्र सिंह सुरजेवाला, जगरूप सिंह सुरजेवाला, सभा के उपप्रधान रणधीर सिंह, पूर्व प्रधान सूरत सिंह, महासचिव होशियार सिंह, पूर्व पार्षद रामपाल उझाना और चांदराम पेंटर मौजूद रहे।