एकजुट रहने के लिए भारत भ्रमण पर निकले पार्षद
उजाला ब्यूरो
नरवाना। नगर परिषद नरवाना के चेयरमैन सुरेश पप्पू और वाइस चेयरमैन कृष्ण मोर के खिलाफ अविश्वास पर वोटिंग की तारीख तय होने के बाद विपक्षी पार्षदों के सामने एकजुट रहना किसी चुनौती से कम नहीं है। इस बार विपक्षी पार्षद कोई रिस्क नहीं लेना चाहते। इसी के चलते वार्ड 18 की पार्षद नीलम माटा के पति देशराज माटा अपने समर्थन में खड़े पार्षदों को लेकर देश भ्रमण पर निकल गए हैं। इस भ्रमण में ंपुरुष पार्षद स्वयं गए, जबकि महिला पार्षदों के घर से एक-एक सदस्य शामिल हैं। इस एकांत भ्रमण की पुष्टि खुद देशराज माटा ने व्हाट्सएप में फोटो जारी करके की।
बता दें कि उपायुक्त ने अविश्वास प्रस्ताव पर वोटिंग के लिए दो जनवरी की तारीख तय की है। दो जनवरी को नरवाना नगर परिषद में सुबह 11 बजे एसडीएम डॉ. किरण सिंह की देखरेख में वोटिंग करवाई जाएगी। नरवाना नगर परिषद में भाजपा के पार्षदों की संख्या ज्यादा नहीं है। जो दो गुटों में बंट गए है। कांग्रेस पार्षदों ने भाजपा के सुरेश पप्पू को समर्थन देकर नप का चेयरमैन बनाने में कामयाबी पाई थी जबकि विपक्षी गुट में शामिल भाजपा नेता हंसराज समैन इनेलो पार्षदों के साथ मिलकर अपनी पुत्रवधू छवि बंसल को चेयरमैन की कुर्सी तक पहुंचाना चाहते हैं। इस खेल में भाजपा के एक विधायक का हाथ भी बताया जा रहा है। इधर चेयरमैन सुरेश पप्पू ने अपनी कुर्सी को सलामत रखने के लिए हाथ-पांव मारने शुरू कर दिए हैं। अब लोगों की नजरें दो तारीख के फैसले पर टिकी हैं।
एकजुट हैं विपक्षी पार्षद : माटा
वार्ड 18 की पार्षद नीलम माटा के पति देशराज माटा ने कई पार्षदों के बाहर चले जाने की पुष्टि करते हुए दावा किया कि उपायुक्त को शपथ पत्र देने वाले 16 पार्षद एकजुट हैं और सुरेश पप्पू को हटाकर दम लेंगे।
पर्याप्त पार्षद उनके साथ : सुरेश पप्पू
नगर परिषद नरवाना के चेयरमैन सुरेश पप्पू ने दावा किया कि उन्हें कुर्सी बचाने के लिए आठ पार्षदों की आवश्यकता है, जो उनके पास हैं। उनकी कुर्सी को कोई खतरा नहीं है।