जींद। सफीदों के युवक को ऑस्ट्रेलिया भेजने के लिए फर्जी वीजा बनवाकर 20 लाख रुपये की ठगी करने पर शहर थाना पुलिस ने पीड़ित के दो रिश्तेदारों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
सफीदों निवासी बलबीर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गांव नडाली, जिला फतेहगढ़ साहिब, , पंजाब निवासी बलविंद्र उनका दूर का रिश्तेदार है। उसने बताया कि उनका भांजा अमनप्रीत निवासी जिला रूद्रपुर, उत्तराखंड विदेश भेजने का काम करता है। बलविंद्र की बातों में आकर उसने अपने बेटे हरप्रीत को विदेश भेजकर नौकरी लगवाने की बात की। इसके लिए आरोपियों ने उससे 20 लाख रुपये मांगे। उन्होंने आरोपियों को 23 फरवरी 2023 को 40 हजार रुपये यूपीआई से भेज दिए। आरोपियों ने उनके बेटे का इंग्लैंड के लिए वीजा अप्लाई किया, लेकिन वह रद्द हो गया। इसके बाद आरोपियों ने उनके बेटे को ऑस्ट्रेलिया भेजने के लिए कहा। इसके लिए उन्होंने उनसे 29 लाख रुपये लेकर वीजा दे दिया। वीजा की जांच करवाने पर वह फर्जी पाया गया। 30 अक्तूबर को उसके बेटे हरप्रीत की मौत हो गई। इसके बाद उसने रुपये वापस मांगे, तो आरोपियों ने 9 लाख लौटा दिए, जबकि 20 लाख रुपये बकाया रह गए। काफी समय बीत जाने के बाद भी आरोपियों ने रुपये नहीं लौटाए और उनको गुमराह करते रहे। शहर थाना सफीदों पुलिस ने बलबीर की शिकायत पर बलविंद्र और अमनप्रीत के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।