जींद। भिवानी में शुक्रवार को आयोजित राज्य स्तरीय खिलाड़ी सम्मान समारोह में जिले के खिलाड़ियों को पहुंचाने के लिए जींद रोडवेज डिपो से 20 बसें भेजी गईं। जिले के विभिन्न खेल स्टेडियमों और खेल नर्सरियों से खिलाड़ियों को लेकर बसें भिवानी रवाना हुईं।
इसके चलते दिन के समय जींद से रोहतक, गोहाना और पानीपत रूट पर बसों की उपलब्धता कम हो गई। इन रूटों पर सफर करने वाले यात्रियों को बसों का इंतजार करना पड़ा।
राज्य स्तरीय समारोह में जिले के अलग-अलग खेल परिसरों और खेल नर्सरियों के खिलाड़ियों को शामिल होना था। इसके लिए रोडवेज विभाग की ओर से 20 बसों की व्यवस्था की गई थी। अर्जुन स्टेडियम, एकलव्य स्टेडियम, नवदीप स्टेडियम नरवाना, महाराजा जन्मेजय स्टेडियम सफीदों, जुलाना सहित कई स्थानों से बसें खिलाड़ियों को लेकर भिवानी पहुंची।
जींद रोडवेज डिपो में वर्तमान में 160 बसें हैं। इन बसों के माध्यम से प्रतिदिन करीब 15 हजार यात्री सफर करते हैं। वहीं डिपो को रोजाना लगभग 10 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त होता है। ऐसे में कुल बसों में से 20 बसें विशेष आयोजन के लिए भेजे जाने से नियमित बस संचालन पर असर पड़ा। खासकर रोहतक, गोहाना और पानीपत रूट पर यात्रियों को बसों की कमी का सामना करना पड़ा।
बसें भेजने से पहले वैकल्पिक व्यवस्था की जानी चाहिए थी
यात्री सुखदीप, रामसिंह, सुरेंद्र, रोबिना और जगदीप ने बताया कि विशेष कार्यक्रमों में खिलाड़ियों को पहुंचाना जरूरी है लेकिन इस दौरान आम यात्रियों की सुविधा का भी ध्यान रखा जाना चाहिए। बसें भेजने से पहले वैकल्पिक व्यवस्था की जानी चाहिए थी ताकि यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में परेशानी न हो।
इन स्थानों से खिलाड़ियों को लेकर रवाना हुई बसें
अर्जुन स्टेडियम, एकलव्य स्टेडियम, राजीव गांधी खेल परिसर खरकभूरा, नवदीप स्टेडियम नरवाना, जुलाना खेल स्टेडियम, महाराजा जन्मेजय स्टेडियम सफीदों, घिमाना, दनौदा, धरोदी, राजीव गांधी खेल परिसर नंदगढ़, रायल डिफेंस एकेडमी पिंडारा, राजीव गांधी खेल परिसर अलेवा, सरस्वती पब्लिक स्कूल नगूरां, राजीव गांधी खेल परिसर गांगोली और हमीरगढ़ से खिलाड़ियों को बसों के माध्यम से भिवानी पहुंचाया गया।
वर्जन
खिलाड़ियों को राज्य स्तरीय समारोह में पहुंचाने के लिए कुछ बसें भिवानी भेजी गई थी। जिस रूट पर यात्रियों की संख्या अधिक थी, वहां उसी हिसाब से बसों का संचालन किया गया।
-सुनील पूनिया, डीआई, रोडवेज डिपो जींद