असंध के विधायक बख्शीश सिंह के बेटे पर सफीदों में जानलेवा हमला
अमर उजाला ब्यूरो
सफीदों। रविवार रात नहर पुल पर असंध के विधायक सरदार बख्शीश सिंह के बेटे हरप्रीत पर जानलेवा हमला किया गया। हरप्रीत की गाड़ी पर गोली चलाई गई, लेकिन गोली गाड़ी के डैशबोर्ड में ही लगी। हरप्रीत इसमें बाल-बाल बच गए। पुलिस सूत्रों के अनुसार हरप्रीत को पहले रेड रॉक्स सिनेमा के पास घेरना चाहा, लेकिन वह निकल गया। इसके बाद नहर पुल के पास उस पर एक कार व बाइक सवार लोगों ने गोली चला दी। पुलिस ने असंध निवासी हीरा को नामजद कर छह-सात अन्य लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार असंध निवासी हरमिंदर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत दी कि रविवार रात विधायक बख्शीश सिंह के बेटे हरप्रीत के साथ किसी काम से सफीदों आया हुआ था। जब वह सफीदों के नहर पुल पर पहुंचे तो एक सफेद रंग की फॉरच्यूनर गाड़ी सवार लोगों ने उन्हें घेर लिया। गाड़ी सवार लोगों ने शीशी खोलने के लिए कहा। जब उन्होंने शीशा खोला तो असंध के डेरा गुजरातीयां निवासी हीरा सिंह ने हरप्रीत पर रिवॉल्वर से फायर कर दिया। उन्होंने तुरंत गाड़ी भगा ली, लेकिन गोली गाड़ी के डैशबोर्ड पर लगी। इस मामले में थाना प्रभारी समरजीत ने बताया कि मामले की सूचना उन्हें जैसे ही मिली वह तुरंत मौके पर पहुंच गए। वहीं घटनास्थल का जायजा रात को ही जींद सीआईए व डीएसपी सुनील कुमार ने भी लिया। इस मामले म पुलिस ने असंध निवासी हीरा सिंह को नामजद कर छह-सात अन्य के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी हैं।
दो बार घेरी गई गाड़ी
पुलिस सूत्रों के अनुसार हरप्रीत की गाड़ी रात करीब सवा आठ बजे रेड रॉक्स सिनेमा से निकली थी। यहां कार व बाइक सवार लोगों ने उनकी कार को घेरने का प्रयास किया, लेकिन वे निकल गए। इसके बाद जैसे ही वे लोग नहर पुल के पास पहुंचे, युवकों ने उन पर हमला कर दिया।