अमर उजाला ब्यूरो
जींद। माता बनभौरी शक्तिपीठ के अधिग्रहण के मामले में अब ब्राह्मण समाज के युवाओं ने भी अनशन की सरकार को चेतावनी दी है। युवाओं का कहना है कि काफी प्रदर्शन होने के बावजूद सरकार अपना फैसला वापस नहीं ले रही है। ऐसे में अब आमरण अनशन किया जाएगा।
युवा ब्राह्मण नेता और समाज सेवी कपिल शर्मा ने सोमवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि भाजपा सरकार अपनी हठ में मदहोश हो चुकी है। लाखों लोगों की भावना कतई दिखाई और सुनाई नहीं दे रही हैं। पिछले 20 दिनों से दुर्गा माता के श्रद्धालु सरकारीकरण के विरोध में अपना रोष जता चुके हैं। यदि बनभौरी मंदिर के अधिग्रहण करने का फैसला रद्द नहीं हुआ तो युवा साथियों के साथ शुक्रवार को आमरण अनशन पर बैठ जाएंगे। इस मौके पर बिजेंद्र कश्यप, अनिल मोर, जगमेश खटकड़, सौरव भारद्वाज, अनिल मलिक सहित ब्राह्मण समाज के कई युवाओं ने आमरण अनशन में भाग लेने का ऐलान किया।
मुंह से निवाला छीन रही भाजपा
कपिल शर्मा ने भविष्य में कड़े कदम उठाने की ओर इशारा करते हुए कहा कि हरियाणा में फिर कोई अशांति फैले, उससे पहले मुख्यमंत्री को बैठक बुलाकर फैसले को निरस्त कर देना चाहिए। शर्मा ने कहा कि ब्राह्मण समाज का देश में बड़ा वोट बैंक है। अगर ब्राह्मणों के साथ गलत हुआ तो बीजेपी को इसका खामियाजा भुगतना पड़ सकता है। एक तरफ तो बीजेपी राम मंदिर बनाने की बात कर रही है, दूसरी तरफ मंदिरों का सरकारीकरण कर लोगों की आस्था को ठेस पहुंचा रही है। कपिल शर्मा ने प्रदेश के शिक्षामंत्री रामबिलास शर्मा पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने समाजहित में मंदिर का सरकारीकरण रद्द नहीं करवाया तो, उनका सामाजिक बहिष्कार किया जाएगा।