जींद। जिले में पेयजल बिल रिकवरी और जल संरक्षण को लेकर जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है। विभाग व जल एवं स्वच्छता सहायक संगठन की ओर से संयुक्त रूप से 25 गांवों में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 6,310 घरों का सर्वे किया गया है।
182 उपभोक्ताओं से 1,85,290 रुपये की पेयजल बिल रिकवरी की गई, जबकि 65 बकायादारों को नोटिस जारी किए गए। जनस्वास्थ्य विभाग के जिला सलाहकार रणधीर मताना ने मंगलवार को गांव शामदो, लिजवाना खुर्द, निडाना, मखंड, सिंगवाल, बरताना, पाजू खुर्द और अलेवा में अभियान का निरीक्षण किया।
उन्होंने कहा कि यह अभियान जल संरक्षण के साथ-साथ बकाया बिलों की वसूली को लेकर गंभीरता से चलाया गया ताकि पेयजल व्यवस्था सुचारु रह सके। अभियान के दौरान 16 अस्वच्छ कनेक्शन ठीक कराए गए और दर्जनों लीकेज दुरुस्त की गईं।
अवैध कनेक्शन काटने की कार्रवाई भी की जा रही है। विभागीय टीमें घर-घर जाकर उपभोक्ताओं को बिल वितरित कर रही हैं और बकाया राशि जमा कराने के लिए प्रेरित कर रही हैं।
बकायादारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी
रणधीर मताना ने कहा कि पेयजल संरक्षण को लेकर स्कूल कार्यक्रम, ग्राम सभाएं और समूह बैठकें भी आयोजित की जा रही हैं। लोगों को जल की बर्बादी रोकने और समय पर बिल भुगतान के लिए जागरूक किया जा रहा है। जल संरक्षण और समय पर बिल अदायगी से ही ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था मजबूत रह सकती है। आने वाले दिनों में अभियान को और तेज किया जाएगा और बकायादारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अलग-अलग गांवों में टीमें सक्रिय
खंड स्तर पर समन्वयकों की निगरानी में अलग-अलग गांवों में टीमें सक्रिय हैं। अलेवा खंड में ईश्वर सिंह, जुलाना में सोमलता सैनी, निडाना क्षेत्र में दिनेश मलिक, मखंड में कुशल शर्मा, सिंगवाल में सुरेंद्र कुमार, भड़ताना में सुरेंद्र दुग्गल और पाजू खुर्द में बलवान के नेतृत्व में अभियान चलाया जा रहा है।