जलघर में गिरी फिल्टर की दीवार, ग्रामीणों ने लगाया घटिया सामग्री का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
जुलाना। शामलो कलां गांव में जलघर में निर्माण कार्य पूरा होने के शीघ्र बाद ही फिल्टरों की दीवार गिर गई। दीवार गिरने से ग्रामीणों में ठेकेदार व प्रशासन के प्रति रोष बना हुआ है। ग्रामीणों ने कहा कि ठेकेदार ने जलघर में घटिया सामग्री का प्रयोग किया है। इसी कारण फिल्टर की दीवार गिरी है। टैंकों का लेवल भी सही नहीं है। लेवल सही नहीं होने के कारण ग्रामीणों को साफ एवं स्वच्छ पानी नहीं मिल सकेगा। ग्रामीणों ने मामले की जांच करने की मांग की है।
ग्रामीणों ने बताया कि शामलो कलां जलघर में अधिकारियों एवं ठेकेदार की मिलीभगत के चलते गोलमाल किया गया है। पंचायत व ग्रामीणों के बार-बार कहने के बाद भी टैंकों का लेवल ठीक नहीं किया गया। टैंक, क्लीनर और फिल्टरों का लेवल ऊंचा-नीचा होने के कारण लोगों की सुविधा के लिए सरकार द्वारा जारी की गई 50 लाख की ग्रांट अब किसी काम नहीं आएगी। ग्रामीणों को पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं मिल सकेगा। पंचायत व ग्रामीणों ने घटिया सामग्री प्रयोग करने व लेवल नहीं होने के कारण कई बार निर्माण कार्य भी रुकवाया और शिकायत भी दी मगर कोई कार्रवाई नहीं की गई। ठेकेदार द्वारा लगाई गई घटिया सामग्री का हर्जाना अब ग्रामीणों को भुगतना पड़ेगा। गर्मी का सीजन आने पर गांव में पेयजल संकट गहराएगा। एक सप्ताह पहले पाइप लाइन लीकेज हो गई थी। इसके कारण जल घर पानी से भर गया था। ग्रामीणों ने प्रशासन से टैंकों का लेवल ठीक करने व टैंकों को बनाने के लिए लगाया गए सामान की जांच करने की मांग की है। ग्रामीणों ने कहा कि अगर ऐसा नहीं किया गया तो वह आंदोलन कर देंगे।
दीवार को करवा दिया जाएगा ठीक
दीवार को ठीक करवा दिया जाएगा। हाई लेवल, क्लीनर टैंक व फील्टर टैंक का लेवल जेई मुकेश ने किया था। लेवल गलत लिया गया है। अब उसका तबादला हो गया है। फिल्टर की दीवार कैसे गिरी है वह मौके पर जा कर मुआयना करेंगे। वह 24 घंटे लेबर के पास खड़े होकर काम नहीं करवा सकते। लेबर ने गलती की है तभी दीवार गिरी है।
-मनोज, जेई जलापूर्ति विभाग।
पंचायत ने भी कई बार घटिया सामग्री के कारण रुकवाया है था निर्माण कार्य
ठेकेदार ने जलघर में टैंकों का लेवल सही नहीं किया गया है। लेवल ठीक नहीं होने के कारण गांव में पानी नहीं पहुंच पाएगा। टैंकों के निर्माण कार्य में घटिया सामग्री का प्रयोग किया गया है। कई बार पंचायत ने निर्माण कार्य को रुकवाया है मगर आगे-पीछे ठेकेदार ने घटिया सामग्री प्रयोग की है। लेवल के बारे में जेई से कहा गया था मगर जेई ने पंचायत की नहीं सुनी। लेवल को ठीक करने व निर्माण कार्य में सामग्री के प्रयोग की जांच की जानी चाहिए। घटिया सामग्री के प्रयोग से ही फिल्टर की दीवार गिरी है। टैंकों का लेवल सही नहीं होने के कारण लाखों रुपये की बर्बादी हुई है।
- स्नेहलता, सरपंच शामलो कलां।