बुग्गी को ओवरटेक करते कंबाइन से टकराई बाइक, किशोर की मौत, दादा-पोता घायल
अमर उजाला ब्यूरो
जुलाना। अपने पोते और परिवार के ही एक किशोर को कोचिंग एकेडमी छोड़ने जा रहे मालवी गांव निवासी जयभगवान की मोटरसाइकिल कंबाइन से टकरा गई। हादसे में 13 वर्षीय किशोर प्रिंस की मौत हो गई। सुबह करीब साढ़े आठ बजे जैजैवंती गांव के पास हुए हादसे में घायल 60 वर्षीय जयभगवान और उसके 11 वर्षीय पौत्र आर्यन को गंभीर हालत होने के कारण पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। पुलिस के अनुसार हादसा उस समय हुआ जब जयभगवान एक झोटा बुग्गी को ओवरटेक कर रहे था। उसी समय एक ढाबे से कंबाइन रोड पर आ गई और जयभगवान मोटरसाइकिल लेकर उसमें टकरा गया। हादसे के बाद कंबाइन चालक मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार जयभगवान अपने पौत्र आर्यन और पड़ोसी के बेटे प्रिंस को एकेडमी में दाखिल करवाने के लिए ले जा रहे थे। जब वह जींद-रोहतक रोड पर जैजैवंती गांव के पास पहुंचे तो एक ढाबे से सड़क पर चढ़ रही कंबाइन से उनकी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि मोटरसाइकिल पर बैठे प्रिंस की मौके पर ही मौत हो गई। घायलों को जुलाना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में दाखिल करवाया गया, जहां से जयभगवान और उसके पौत्र आर्यन की हालत को गंभीर देखते हुए पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया, जहां पर दोनों का इलाज चल रहा है। प्रिंस के पिता राजबीर खेती करते हैं। प्रिंस उनका इकलौता बेटा था। प्रिंस की दो बड़ी बहनें हैं।
बेटे को सेना में अधिकारी बनाना चाहता था राजबीर
साढ़े चार एकड़ जमीन के मालिक प्रिंस के पिता राजबीर प्रिंस को सेना में अधिकारी बनाना चाह रहे थे। प्रिंस की दोनों बहनें भी अच्छी शिक्षा ले रही हैं। प्रिंस को सेना में अधिकारी बनाने के लिए ही अभी से उसे कोचिंग में दाखिला दिलवाया हुआ था। राजबीर चाहता था कि तैयारी करके प्रिंस सैनिक स्कूल कुंजपुरा में दाखिला ले।
मंगलवार को जाना था एकेडमी
परिजनों ने बताया कि दोनों बच्चों को मंगलवार को ही एकेडमी जाना था। इसके लिए सोमवार को दाखिला करवा दिया गया था। दोनों यहां पर दो महीने तक कोचिंग लेते, लेकिन आर्यन के खेत में लगा सबमर्सिबल पंप खराब होने की वजह से उसे ठीक करने में समय लग गया जिसकी वजह से तय किया गया कि बुधवार को दोनों को एकेडमी भेजा जाएगा पर एकेडमी पहुंचने से पहले ही हादसा हो गया।