दो मार्च को सीआरएस करेंगे जींद-पानीपत रेलवे लाइन का निरीक्षण
अमर उजाला ब्यूरो
जींद। जींद-पानीपत रेलवे लाइन पर विद्युतीकरण का काम पूरा हो चुका है। इसके लिए सीआरएस शैलेश कुमार पाठक जींद-पानीपत रेलवे लाइन का निरीक्षण करने आएंगे। जांच के दौरान अगर सब कुछ ठीक पाया गया तो जल्द ही जींद-पानीपत रेलवे लाइन पर इलेक्ट्रिक ट्रेन का संचालन शुरू हो जाएगा। इससे इस रूट पर सफर करने वाले हजारों यात्रियों को लाभ होगा। इसके लिए रेलवे ने प्रोजेक्ट पर 80 करोड़ रुपये की राशि खर्च की है। जिससे यात्रियों को समय की बचत होगी और धुएं से भी राहत मिलेगी। जींद-पानीपत रूट पर आठ से दस हजार यात्री हर रोज सफर करते हैं। जींद से पानीपत के बीच अभी लगभग दो घंटे का समय लगता है। इलेक्ट्रिक ट्रेन चलने के बाद इस रूट पर 30 से 40 मिनट की बचत होगी। रेल मार्ग से जींद से पानीपत की दूरी 60 किलोमीटर है। विद्युतीकरण के लिए हर एक किलोमीटर पर 20 पोल लगाए गए हैं। इस प्रकार 60 किलोमीटर के सफर में लगभग 1200 पोल का इस्तेमाल तारे बिछाने के लिए किया गया है। जींद-पानीपत के बीच 14 स्टेशन आते हैं। जींद से चलकर रेल जींद सिटी, पांडू पिंडारा, सिवाहा, पिल्लूखेड़ा, बुढ़ाखेड़ा, सिल्लाखेड़ी, सफीदों, करसिंधु, नारा हाल्ट, मतलौैडा, आसन, खुरखाना व पानीपत तक पहुंचती है। जींद से पानीपत तक अब दो घंटे लगते हैं। विद्युतीकरण के बाद इस रूट पर 30 से 40 मिनट की बचत होगी। इससे हजारों यात्रियों को फायदा होगा।
जींद-पानीपत रूट पर चलती हैं छह ट्रेन
जींद से पानीपत के लिए दिनभर में छह पेसेंजर ट्रेन चलती हैं। इसके अलावा यहां से मालगाड़ी भी गुजरती रहती हैं। पहली ट्रेन सुबह चार बजकर 35 मिनट, दूसरी ट्रेन सुबह दस बजे व तीसरी ट्रेन शाम चार बजकर पांच मिनट पर चलती है। इसी प्रकार तीन ट्रेन पानीपत की ओर से जींद आती हैं। इसमें दिनभर में आठ से दस हजार यात्री सफर करते हैं। इसमें लगभग तीन हजार विद्यार्थी करसिंधु कॉलेज में पढ़ने के लिए जाते हैं। वहीं लगभग चार हजार लोग जींद-पानीपत रूट पर अपनी ड्यूटी के लिए अप-डाउन करते हैं। विद्युतीकरण के बाद इस रूट पर सफर करने वाले लगभग दस हजार यात्रियों को काफी फायदा होगा।
दो मार्च को सीआरएस करेंगे निरीक्षण
जींद-पानीपत रेललाइन पर विद्युतीकरण का काम पूरा हो चुका है। सीआरएस शैलेश कुमार पाठक जांच के लिए दो मार्च को जींद आएंगे। जांच के दौरान सब कुछ ठीक पाया गया तो इसके बाद जींद-पानीपत के बीच इलेक्ट्रिक ट्रेन का संचालन शुरू होगा। इससे हजारों यात्रियों को फायदा होगा।
प्रेम किशोर, स्टेशन अधीक्षक।
जीएम के दौरे से पहले एडीआरएम ने किया जींद जंक्शन का दौरा
जींद। नॉर्दन रेलवे के जीएम आठ मार्च को जींद का दौरा करेंगे। इस दौरान जीएम जंक्शन पर लोगों को मिलने वाली सुविधाओं का जायजा लेंगे। इस दौरान वे रेलवे जंक्शन पर यात्रियों को कई सुविधाओं की सौगात भी देंगे। जीएम के दौरे पहले एडीआरएम विजय ने जींद जंक्शन का दौरा किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों से बातचीत की। जीएम के दौरे के लिए रेलवे ने सौंदर्यीकरण पर लगभग एक करोड़ की राशि खर्च की है। वहीं रवि चोपड़ा के नेतृत्व में एनआरएमयू की लंबित पड़ी मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया।