अमर उजाला ब्यूरो
जींद।
करीब छह महीने तक भंग रहने के बाद जुलाना नगर पालिका का चुनाव अब 13 मई को करवाया जाएगा। इसके लिए चुनाव आयोग ने तरीखों की घोषणा की है। हालांकि जिला चुनाव अधिकारी औपचारिक रूप से शनिवार को चुनाव की अधिसूचना जारी करेंगे।
चुनाव आयोग द्वारा जारी शेड्यूल के अनुसार 27 अप्रैल से दो मई तक नामांकन पत्र दाखिल किए जा सकेंगे। तीन मई को नामांकन पत्रों की छंटाई होगी। चार मई को दोपहरबाद तीन बजे तक नामांकन पत्र वापस लिए जा सकेंगे। वहीं तीन बजे के बाद उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह दिए जाएंगे। इसके बाद 13 मई को मतदान होगा। मतदान सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक चलेगा। इसके तुरंत बाद वोटों की गिनती कर चुनाव परिणाम जारी किए जाएंगे।
गर्म रहती है जुलाना नगर पालिका की राजनीति
13 वार्डों वाली जुलाना नगर पालिका की राजनीति काफी गर्म रहती है। पिछली नगर पालिका कार्यकाल में तीन बार प्रधान बदले गए थे। नगर पालिका का कार्यकाल पूरा होने से पहले भी यहां कुर्सी के लिए काफी घमासान चला।