अमर उजाला ब्यूरो
जींद।
शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में वीरवार को राजकीय कॉलेज में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान शहीदों के परिवारों के लोगों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में कलाकारों के गीतों और युवाओं द्वारा किलकारी मारने पर शहीद कैप्टन पवन कुमार के पिता ने नाराजगी जताई। वहीं शहीद मेजर विनय चौधरी के पिता ने सरकार और नौकरशाहों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें कार्यालयों में कोई मान-सम्मान नहीं मिलता। शहीद मेजर विनय चौधरी के पिता जिले सिंह ने कहा कि हिसार के राजकीय कॉलेज का नाम शहीद के नाम पर करने की घोषणा हुई थी, लेकिन 18 साल से यह मामला अधिकारियों ने पूरा नहीं किया है।
कार्यक्रम में मुख्यातिथि के तौर पर मुख्यमंत्री के निजी सचिव राजेश गोयल ने शिरकत की। इस दौरान मेजर विनय चौधरी के पिता ने कहा कि वे राजेश गोयल को सुनाकर कहते हैं कि नेताओं को देश बेचकर धन चाहिए। क्योंकि उनके बच्चे शहीद नहीं होते। गौरतलब है कि जिले सिंह हिसार के राजकीय कॉलेज के प्राचार्य के पद से सेवानिवृत्त हैं। उन्होंने कहा कि हिसार के राजकीय कॉलेज का नाम शहीद विनय चौधरी के नाम पर करने की घोषणा सरकार ने की थी, लेकिन यह फाइल सरकारी कार्यालयों की धूल फांक रही है। उन्होंने कहा कि इसको लेकर केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह ने भी चार बार पत्र भेजा है, लेकिन यह मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री तक नहीं पहुंचा। 18 साल से इसका नोटिफिकेशन नहीं हो पाया है। उन्होंने मुख्यमंत्री के निजी सचिव राजेश गोयल को कहा कि जब 18 साल से यह काम नहीं हुआ है तो वे पांच साल में अपनी घोषणाओं को कैसे पूरा करेंगे। जिले सिंह ने कहा कि अधिकारी व नेता किसी की सुनाई नहीं करते, वे इसके जीते-जागते उदाहरण हैं।
अजय हुड्डा का परिधान बाना चर्चा का विषय
कार्यक्रम के दौरान हरियाणवी कलाकार और भारतीय सेना के जवान अजय हुड्डा ने जो ड्रेस पहनी थी, उस पर यूएस आर्मी लिखा हुआ था। इस पर कई लोगों ने सवाल उठाए। इस पर अजय हुड्डा ने कहा कि वे शूटिंग से सीधे कार्यक्रम में पहुंचे, इसलिए यही ड्रेस पहनकर आ गए।
अनू कादयान की प्रस्तुति पर आयोजकों ने लगाई रोक
कार्यक्रम में हरियाणवी कलाकार अनू कादयान को भी बुलाया गया था। उन्होंने अपने एक गीत की प्रस्तुति दी, इस गीत के दौरान हुए डांस पर आयोजकों ने सवाल उठा। इसके बाद अनू कादयान की कोई प्रस्तुति नहीं हो पाई।