रैली में लोगों के लिए बनाए 40 ब्लॉक, हर ब्लॉक में हजार कुर्सियों की क्षमता, दावा डेढ़ लाख की भीड़ का
धर्मबीर निडाना
जींद।
15 फरवरी को जींद में होने वाली भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की रैली के लिए भाजपा ने बेशक ताकत झोंक दी है, लेकिन भीड़ के मामले में रैली स्थल की तैयारियों और पार्टी नेताओं के दावों में भारी अंतर है। दरअसल भाजपा नेता रैली में एक लाख बाइक पहुंचने का दावा कर रहे हैं। इससे रैली में डेढ़ लाख लोगों के पहुंचने का दावा किया जा रहा है, लेकिन रैली में मंच के सामने 40 सेक्टर बनाए गए हैं। हर सेक्टर में एक हजार कुर्सियां लगेंगी। कुल मिलाकर आयोजक 40 से 50 हजार लोगों के आने की उम्मीद लगा रहे हैं।
पार्टी अध्यक्ष अमित शाह की रैली को भाजपा लोकसभा चुनाव के आगाज के रूप में प्रस्तुत कर रही है। ऐसे में पार्टी नेताओं ने रैली में भारी भीड़ जुटाने के लिए काम शुरू किया है। अमित शाह बेशक इस रैली में हेलीकॉप्टर से पहुंचेंगे, लेकिन फिर भी इसे बाइक रैली का नाम दिया जा रहा है। भाजपा नेताओं का दावा है कि प्रदेश की हर विधानसभा से एक हजार बाइक और जींद जिला और आसपास के क्षेत्रों से अधिक संख्या में बाइक रैली में आएंगी। कुल मिलाकर भाजपा नेता एक लाख बाइक रैली में पहुंचने का दावा कर रहे हैं। सोमवार को प्रदेश के कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ और डीजीपी बीएस संधु रैली स्थल का निरीक्षण करने पहुंचे तो आयोजकों ने उन्हें भी 40 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था बताई।
मुख्य मंच पर होंगे 50 लोग
रैली के लिए तीन मंच बनाए जा रहे हैं। मुख्य मंच वीवीआईपी लोगों के लिए होगा। इस पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के अलावा केंद्रीय मंत्री और प्रदेश के मुख्यमंत्री व मंत्री रहेंगे। इस मंच पर कुल 50 लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। वहीं दूसरी मंच वीआईपी पर विधायक और पार्टी संगठन के लोग रहेंगे। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के भी इसके साथ ही मंच बनाया गया है।
विरोध करके न्योंदा घाल रहीं इनेलो और कांग्रेस
रैली स्थल का निरीक्षण करने जींद पहुंचे प्रदेश के कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि स्वच्छ लोकतांत्रिक प्रणाली में सरकार का विरोध किया जाता है। धनखड़ ने कहा कि वे स्वयं आंदोलनकारी रहे हैं और सरकार के खिलाफ आंदोलन को जायज भी मानते हैं, लेकिन कांग्रेस और इनेलो यहां राजनीतिक दल की रैली का विरोध कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसा कर ये न्योंदा घाल रहे हैं। धनखड़ ने कहा कि इनेलो का तो झंडा ही काला हो चुका है। वहीं जाट आरक्षण संघर्ष समिति व सरकार के साथ बनी सहमति पर धनखड़ ने कहा कि सरकार और भाजपा ने अपनी कुशलता से इस मामले को निपटा दिया है।
डीजीपी बोले : सड़कों में हैं गड्ढे, हमारी गाड़ी तो निकल गई बाइक कैसे निकलेंगी
रैली स्थल का निरीक्षण करने पहुंचे प्रदेश के डीजीपी बीएस संधु ने अधिकारियों के समक्ष जींद की बदहलाल सड़कों का मामला उठाया। उन्होंने कहा कि वे रोहतक रोड से आए हैं। सड़कों में गड्ढे हैं, ऐसे में उनकी गाड़ी तो निकल गई, बाइक कैसे निकलेंगी। उन्होंने एसडीएम महावीर प्रसाद को कहा कि दो दिन में सभी सड़कों का पैचवर्क करवाएं। इस पर एसडीएम ने कहा कि प्रशासन एनएचआई और पीडब्ल्यूडी के संकर्प में है, काम करवा जा रहा है।ते डीजीपी बीस संधु।