कार्यवाहक डीईओ के पास पहुंची रिपोर्ट, अब कार्रवाई का इंतजार
अमर उजाला ब्यूरो
जींद।
गांव सिवानमाल के राजकीय कन्या माध्यमिक विद्यालय में इनेलो सांसद दुष्यंत चौटाला की सभा और दबाव देकर छुट्टी कराने के मामले की जांच रिपोर्ट डीईओ को सौंप दी गई है। वहीं मामला सामने आने पर उपायुक्त अमित खत्री ने चेतावनी दी थी कि एक हफ्ते में अगर कोई कार्रवाई नहीं होती तो वह खुद इस मामले को संज्ञान में लेंगे। जांच रिपोर्ट में सामने आया कि स्टाफ ने कुछ प्रभावशाली लोगों के दबाव में आकर छुट्टी की। ऐसे में स्कूल स्टाफ को निलंबित करने के साथ प्रभावशाली लोगों पर कानूनी कार्रवाई हो सकती है।
सिवानमाल गांव के राजकीय कन्या स्कूल में छह दिसंबर को हुई सांसद चौटाला की जनसभा के लिए स्कूल की छुट्टी करने का मामला लगातार बढ़ता जा रहा है। सभा के लिए छात्राओं के टेस्ट नहीं लेना, मिड डे मिल नहीं देने के खुलासे के बाद अब मामले में स्कूल स्टाफ निलंबन और प्रभावशाली लोगों पर कार्रवाई तय है। बीईओ की जांच टीम ने भी रिपोर्ट में इसका जिक्र किया है। वहीं कार्यवाहक डीईओ सत्यवती नांदल ने कहा कि रिपोर्ट में जो भी दोषी होगा, उस पर कार्रवाई होगी। साथ ही दबाव देकर छुट्टी कराने वालों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
आज समाप्त होगी डीसी की ओर से दी समयावधि
सांसद की सभा के लिए स्कूल की छुट्टी करने का मामला सामने आने के बाद डीसी ने एक सप्ताह में मामले की रिपोर्ट मांगी थी। साथ ही कहां था कि एक सप्ताह में विभाग कार्रवाई नहीं करता है तो वह कार्रवाई करेंगे। शुक्रवार को एक सप्ताह की समयावधि भी पूरी हो जाएगी।
राजनीति गलियारों और गांवों में चर्चा का विषय बनी जनसभा
अमर उजाला की ओर से मामले को प्रमुखता से प्रकाशित करने और एक मुख्याध्यापक को चार्जशीट, डीईटो को निलंबित करना चर्चा का विषय बन गया है। वहीं राजनीति गलियारों और गांवों में चर्चा है कि स्कूल में बिना अनुमति जनसभा कराना और दबाव में छुट्टी कराना सही नहीं है। मामला प्रकाशित होने के बाद शिक्षकों ने भी जनसभा के खिलाफ और प्रभावशाली लोगों के खिलाफ बयान दिए हैं।
वर्जन:::
बीईओ ने केस की जांच रिपोर्ट सौंप दी है। निरीक्षण कार्य के चलते रिपोर्ट स्टडी नहीं की जा सकी। जल्द ही रिपोर्ट स्टडी कर रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
- सत्यवती नांदल, कार्यवाहक डीईओ