अमर उजाला ब्यूरो
जींद। रेलवे जंक्शन पर सीनियर कमर्शियल मैनेजर दिल्ली के नेतृत्व में दूसरे दिन रविवार को ट्रेनों में छापेमारी की गई। जहां पर टीम ने सुबह दस बजे से शाम को पांच बजे तक यहां से निकलने वाली प्रत्येक ट्रेन की जांच की गई। टीम में 22 टिकट निरीक्षक व 20 आरपीएफ के कर्मचारी मौजूद रहे। जांच के दौरान टीम ने 200 यात्रियों को बिना टिकट के यात्रा करते हुए पकड़ा। इस दौरान टीम ने 89 हजार रुपये का जुर्माना किया। इस दौरान टीम ने पकड़े गए लोगों के कागजातों को भी जब्त करके जांच शुरू कर दी।
रविवार को सुबह दिल्ली से सीनियर कमर्शियल मैनेजर प्रमोद सोनी के नेतृत्व में एक टीम जींद रेलवे जंक्शन पर पहुंची। टीम में दिल्ली, अमृतसर, रोहतक की टीम के सदस्य पहुंचे और प्रत्येक टीम ने अलग-अलग ट्रेनों में छापेमारी की। जहां पर टीम ने पहले तो कुरुक्षेत्र, पानीपत, सोनीपत की तरफ जाने वाली पैसेंजर ट्रेनों की जांच की गई। जहां पर बिना टिकट के यात्रा कर रहे यात्रियों को काबू किया और उनको जुर्माना किया। इसके बाद दोपहर को जींद से कुरुक्षेत्र जा रही पैसेंजर गाड़ी में छापामार दल नरवाना तक गया। जहां पर उन्होंने हर डिब्बे के यात्री की टिकट की जांच की गई। इस दौरान अधिकतर विद्यार्थी ही बिना टिकट के यात्रा करते हुए पकड़े गए। रेलवे टीम की इस छापेमारी से बिना टिकट के यात्रा करते हुए लोगों में हड़कंप मच गया। इस दौरान टीम ने पैसेंजर गाड़ी की टिकट लेकर एक्सप्रेस गाड़ियों में यात्रा करते हुए लोगों को भी पकड़ा। छापामार दल ने सुबह दस से शाम को पांच बजे तक जींद जंक्शन से निकली ट्रेनों में बिना टिकट के यात्रा करते हुए 200 यात्रियों को काबू कर 89 हजार रुपये का जुर्माना किया।
रेलवे टीम ने की छापेमारी, बिना टिकट के यात्रा कर रहे 200 काबू
-22 टिकट निरीक्षक ने वसूला 89 हजार रुपये का जुर्माना