जींद। जींद-पटियाला नेशनल हाईवे पर गढ़ी तथा उझाना के बीच शनिवार रात बोलेरो सवार युवकों ने पिस्तौल के बल पर गाड़ी चालक से 18 हजार रुपये, मोबाइल फोन और कागजात लूट लिए। गढ़ी थाना पुलिस ने गाड़ी चालक की शिकायत पर पर अज्ञात बोलेरो सवार लोगों के खिलाफ लूट, शस्त्र अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव तरंजी जिला सगरूर निवासी जगतार सिंह ने गढ़ी थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह बरनाला पंजाब से हरी मिर्च गाड़ी में लोड कर शनिवार रात को गोहाना जा रहे थे। गांव गढ़ी तथा उझाना के बीच बिना नंबर की बोलेरो गाड़ी ने इंडीकेटर देकर रुकने का इशारा किया। उसने चेकिंग स्टाफ जान कर गाड़ी को रोक दिया। उसी दौरान चेहरा ढाके चार युवक उतरे और मारपीट करते हुए उसे साइड में ले गए। एक युवक ने उसकी कनपटी पर पिस्तौल लगा दी और उसे जो कुछ भी देने को कहा। फिर आरोपियोंं ने उसकी जेब फाड़ डाली। कुछ नहीं मिला तो आरोपियों ने गाड़ी की तलाशी लेते हुए डैश बोर्ड से 18 हजार रुपये, डीएल, मोबाइल फोन व अन्य कागजातों को लूट लिया। फिर वह पंजाब की तरफ फरार हो गए। बाद में चालक जगतार ने घटना की सूचना गाड़ी मलिक तथा पुलिस को दी। गढ़ी थाना पुलिस ने चालक जगतार की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ लूट, शस्त्र अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।