युवती का अपहरण कर जबरदस्ती शादी करने पर आठ के खिलाफ केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
जींद। एक कॉलोनी की रहने वाली युवती की शिकायत पर प्यार का झांसा देकर अपहरण करने के बाद जबरदस्ती शादी करने, नशीला पदार्थ सुंघाकर दोस्तों के हवाले करने का मामला सामने अआया है। महिला थाना पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ मारपीट, अपहरण करने, नशीला पदार्थ सुंघाने, बंधक बनाने और यौन शोषण करने समेत विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस को दी शिकायत में युवती ने बताया कि पांच मार्च 2018 को एक गांव के रहने वाले युवक ने उसे अपने प्यार के जाल में फंसा कर अपहरण कर लिया। उसने जबरदस्ती उससे शादी कर ली। इसमें युवक के पिता, मां और भाई ने उसकी मदद की। इसके बाद आरोपी युवक उसे पानीपत ले गया। रविंद्र, बलराम तथा अनिल ने उसे नशीला पदार्थ पिलाकर और उसके साथ दुष्कर्म किया। यह सिलसिला लगभग एक साल तक चलता रहा। कभी आरोपी उसके साथ पानीपत में तो कभी चंडीगढ़ ले जाकर दुष्कर्म करते रहे। जब वह विरोध करती तो उसे जान से मारने की धमकी दी जाती। आखिर वह मौका पाकर आरोपियों के चंगुल से फरार होने में कामयाब हो गई और परिजनों को घटना के बारे में बताया। महिला थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर युवक, उसके माता-पिता के अलावा पानीपत निवासी बलराम, अनिल, सोनू, रविंद्र के भाई तथा एक अन्य के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी एएसआई मोनिका देवी ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। जल्द ही आरोपियों को काबू किया जाएगा।