अंडरपास के विरोध में बाजार रहा बंद, दुकानों पर लगाए काले झंडे
अमर उजाला ब्यूरो
उचाना। लितानी रोड पर बनाए जाने वाले अंडर पास के विरोध में दुकानदारों ने वीरवार को दूसरे दिन भी रोष स्वरूप बाजार को बंद रखा। इतना ही नहीं दुकानदारों ने अपनी दुकानों पर काले झंडे लगाए और अंडर पास का विरोध किया। दुकानदारों ने कहा कि लितानी रोड पर अगर अंडरपास बनता है तो इससे 500 से अधिक दुकानों को नुकसान होगा। उन्होंने कहा कि अंडर पास बनने से शहर का आधा बाजार प्रभावित हो जाएगा। सरकार को चाहिए कि वो लोगों के रोजगार को बचाने के लिए जनहित में इस अंडरपास को रेलवे फाटक के पास जो जमीन है उसमें बनाए। फाटक से जींद, नरवाना दोनों तरफ रेलवे की जमीन है। यहां पर किसी तरह की जमीन एक्वायर करने की जरूरत नहीं है, न ही किसी का रोजगार इससे प्रभावित होता है। दुकानदारों ने कहा कि रोजगार बचाने के लिए अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया गया है। अब वो अपने परिवारों के साथ भी धरना देंगे।
आज से शुरू करेंगे अनशन
अंडरपास के विरोध में अब शुक्रवार से प्रतिदिन एक दुकानदार क्रमिक अनशन करेगा। दुकानदारों ने कहा कि वो सरकार से शांति पूर्वक तरीके से अपनी मांग को पूरा करवाने के लिए प्रदर्शन कर रहे हैं। अब गांधीगीरी करते हुए हर रोज एक दुकानदार क्रमिक अनशन पर बैठेगा। जब इस अंडरपास का निर्माण रेलवे की जमीन में नहीं होता।