जींद।
कुरु की 48 कोस की परिधि के अंतिम छोर के गांव पांडु पिंडारा की धरती से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह बुधवार को हेलीपैड से रैली स्थल तक 375 कदम बाइक से पहुंचेंगे।
गांव पांडु पिंडारा की 12 एकड़ में रैली के लिए पंडाल लगाया गया है। हेलीपैड यहां से महज 375 कदम दूरी पर है। जहां से अमित शाह मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के अलावा भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री रामलाल, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला के साथ बाइकों पर सवार होकर मुख्य पंडाल तक आएंगे। मुख्य पंडाल तक बाइक पहुंचने का रास्ता बनाया गया है।
अमित शाह की बाइक सुभाष बराला चलाएंगे। मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर स्वयं बाइक चलाएंगे। उनके पीछे पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री रामलाल बैठेंगे। भाजपा प्रदेश सचिव जवाहर सैनी ने कहा था कि भाजपा अध्यक्ष शाह को बहादुरगढ़ से बाइक पर जींद पहुंचाएंगे, लेकिन जाट समाज और इनेलो व कांग्रेस द्वारा विरोध के एलान के कारण बाइक से तय होने वाले सफर को समेट दिया गया है। हालांकि जाट समाज ने अपने एलान को सरकार के साथ हुए समझौते के बाद वापस ले लिया है। लेकिन इनेलो और कांग्रेस अभी विरोध का झंडा उठाए हुए हैं। हालांकि सरकार द्वारा कहा जा रहा है कि सुरक्षा के कारण बाइक का सफर कम किया गया है। भाजपा नेता संजय भाटिया ने बताया कि रैली को लेकर भाजपा कार्यकर्ता उत्साहित हैं।
कुरु की 48 कोस की परिधि में आता है पांडु पिंडारा गांव
कुरुक्षेत्र की 48 कोस की परिधि में गांव पांडु पिंडारा आता है। इस गांव से आगे दो गांव ही बचते हैं, जो 48 कोस की परिधि में आते हैं। यहां ऐतिहासिक तीर्थ है। जहां हर वर्ष वड़ा मेला लगता है। बताया जाता है कि पांडवों ने यहां 12 वर्ष रह कर सोमवती अमावस्या का इंतजार किया था ताकि युद्ध में मारे गए अपने परिजनों की आत्मा की शांति को पिंड दान कर सकें। लेकिन इतने लंबे इंतजार के बाद भी जब सोमवती अमावस्या नहीं आई तो वे इस तीर्थ में पिंड दान कर चले गए और श्राप दिया था कि कलयुग में सोमवती अमावस्या को बार-बार आना पड़ेगा।