अमर उजाला ब्यूरो
जींद।
करीब दो महीने से गंदे पानी की समस्या से जूझ रहे बाल भवन रोड के दुकानदारों ने बुधवार सुबह सेवा सदन के पास सड़क पर जाम लगा दिया। जाम की सूचना पाकर पुलिस, जन स्वास्थ्य विभाग और नगर परिषद के अधिकारी पहुंचे, लेकिन गंदे पानी का मामला जन स्वास्थ्य विभाग और नगर परिषद एक दूसरे पर डालते रहे। इस दौरान दुकानदारों ने अधिकारियों से कहा कि दो महीने से कारोबार ठप हो गया है। इसका जल्द समाधान होना चाहिए। जिसके बाद अधिकारियों ने इसके जल्द समाधान की बात कही, तब जाकर दुकानदारों ने जाम खोला।
दरअसल सफीदों गेट की ओर से हिंदु कॉलेज के साथ-साथ बाल भवन रोड पर एक नाला आता है। सेवा सदन के पास आकर इस नाले का पानी सीवर लाइन में डाल दिया जाता है, लेकिन यहां सीवर लाइन बंद होने के कारण नाले का पानी सड़क पर फैल रहा है। इसके चलते पिछले करीब दो महीने से बाल भवन रोड पर नाले का पानी भरा रहता है। इससे यहां दुकान कर बैठे दर्जनों कारोबारियों को काफी परेशानी हो रही है। इसको लेकर सुबह ही दुकानदारों ने दुकानें बंद कर सड़क को जाम कर दिया। करीब आधे घंटे तक सड़क जाम रही और बाद में पुलिस ने अधिकारियों को मौके पर बुलाने का आश्वासन देकर जाम लगा रहे लोगों को हटाया।
कई साल पुरानी है समस्या
बाल भवन रोड पर गंदे पानी की समस्या कई साल पुरानी है, लेकिन करीब चार साल पहले नगर परिषद द्वारा यहां एक जाली लगाकर अच्छे तरीके से नाले को सीवर लाइन के साथ जोड़ दिया था। इसके बाद सीवर लाइन में अधिक पानी होने के कारण फिर से यहां दिक्कत आने लगी। अब पिछले करीब दो महीने से यहां लगातार गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है।
आरयूबी की लाइन शिफ्टिंग से आई दिक्कत
जेडी सात जींद-पानीपत रेलवे लाइन पर अंडर पास का काम शुरू हुआ है। इसके लिए यहां से निकल रही सीवरेज लाइन को जन स्वास्थ्य विभाग ने शिफ्ट किया है। जन स्वास्थ्य विभाग द्वारा बनाई गई नई लाइन अभी तक चालू नहीं हुई है, जिसके चलते बाल भवन रोड का सीवरेज का पानी आगे नहीं निकल पा रहा है। इससे यह पानी दुकानों के आगे भर जाता है।
जन स्वास्थ्य विभाग और नप के बीच फंसा पेंच
नियमानुसार सीवर लाइन का काम जन स्वास्थ्य विभाग और खुले नालों का काम नगर परिषद के पास है। सेवा सदन के पास निकल रहे पानी पर दोनों ही विभाग एक दूसरे पर ठीकरा फोड़ रहे हैं। इसमें यहां के दुकानदारों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
नहीं हो रही बोहनी
यहां लोग महंगा किराया देकर दुकान कर रहे हैं, लेकिन सड़क पर गंदा पानी भर होने के कारण ग्राहक नहीं आते। इसके चलते बोहनी भी नहीं हो पाती, और धंधा चौपट हो गया है। अधिकारी बार-बार आश्वासन देकर चले जाते हैं।
नरेंद्र, दुकानदार
परेशानी रहती हैं छात्राएं
इसी मार्ग पर एसडी स्कूल व हिंदु कन्या कॉलेज जैसी बड़ी संस्थाएं। सड़क पर पानी भरा होने के कारण विद्यार्थियों को काफी परेशानी होती है। वहीं कुछ असामाजिक वाहन चालक छात्राओं को गंदे पानी के छींटे मारते रहते हैं। दुकानदारों का काम भी प्रभावित हो रहा है।
जोगेंद्र, दुकानदार
चार दिन में हो जाएगी निकासी
यह पानी नगर परिषद के नाले से आ रहा है। हां सीवर लाइन बंद होने के कारण समस्या बनी हुई है। रेलवे लाइन के पास नाले को तीन-चार दिन में चालू कर दिया जाएगा। इसके बाद सीवर लाइन के पानी की निकासी की समस्या नहीं रहेगी।
एसके शर्मा, एक्सईएन जन स्वास्थ्य विभाग
सीवर लाइन का है पानी
यहां निकल रहा गंदा पानी सीवर लाइन का है। यह समस्या अंडर पास का काम शुरू होने के बाद आई है। इससे साफ है कि नाले के पानी की कोई समस्या नहीं है। जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने चार दिन में पानी की निकासी शुरू करने का आश्वासन दिया है।
बलबीर श्योकंद, मुख्य सफाई निरीक्षक, नगर परिषद