फोटो 07जेएनडी03-राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय खांडा में पौधरोपण कार्यक्रम में मौजूद विद्यार्
जींद। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय खांडा में राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों के सहयोग से पर्यावरण संरक्षण अभियान के तहत पौधरोपण कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम के दौरान स्कूल में 165 पौधे लगाए गए और पौधे वितरित भी किए। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र कौशिक ने पौधरोपण कर स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत अभियान के संदेश के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की। उन्होंने विद्यार्थियों से पौधों की नियमित देखभाल करने और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। नवनियुक्त पदोन्नत प्रधानाचार्य संजीव कुमार सैनी ने स्कूल से विदाई के अवसर पर त्रिवेणी लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पौधरोपण केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने का संकल्प है। इस अवसर पर प्रधानाचार्य डॉ. अशोक कुमार, डॉ. रामचंद्र, ग्राम सभा प्रधान रोशनलाल शर्मा, राजेश भारद्वाज मौजूद रहे।