एशियन गेम्स के लिए घोषित महिला हैंडबॉल टीम में नरवाना की चार खिलाड़ी
अमर उजाला ब्यूरो
नरवाना। 18 अगस्त से 2 सितंबर तक जकार्ता (इंडोनेशिया) में होने वाले 18वें एशियन गेम्स के लिए चुनी गई भारतीय महिला हैंडबॉल की टीम में नरवाना की चार खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। भारतीय हैंडबॉल महासंघ ने टीम की घोषणा शुक्रवार को पटियाला में की। हरियाणा हैंडबॉल संघ के महासचिव जुगमिंद्र सिंह ने बताया कि भारतीय टीम में हरियाणा की चार खिलाड़ियों का चयन किया गया है। उक्त चारों खिलाड़ी रितु, रिंपी, काजल व सुषमा नरवाना की रहने वाली हैं। उन्होंने बताया कि इन खिलाड़ियों का राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर पिछले दो माह से पटियाला में चल रहा था। हरियाणा हैंडबॉल संघ के प्रधान जयप्रकाश, वरिष्ठ उपप्रधान मोहम्मद शाइन आईएएस, राजीव रत्न आईएएस, उप प्रधान प्रदीप डागर एचसीएस ने खिलाड़ियों को बधाई दी तथा केंद्रीय इस्पात मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह खिलाड़ियों को सम्मानित करेंगे।