अमर उजाला ब्यूरो
उचाना। केंद्र सरकार द्वारा खरीफ की फसल का एमएसपी बढ़ाने पर केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह ने इसे क्रांतिकारी फैसला बताते हुए कहा कि इससे बहुत बड़ा आर्थिक परिवर्तन देश में देखने को मिलेगा। डूमरखां कलां गांव में पत्रकार वार्ता में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आज जो लागत पर पचास प्रतिशत बढ़ा कर केंद्र सरकार ने किसानों को खरीफ की फसल का भाव दिया है वह ऐतिहासिक फैसला है। देश की आजादी के बाद इतना एमएसपी नहीं बढ़ाया गया। कुछ महीने पहले पीएम मोदी ने जो किसानों से वादा किया था कि खेती लाभकारी बन सके, इसलिए लागत पर पचास प्रतिशत बढ़ा कर देंगे। आज पीएम ने अपना किसानों से किया वायदा पूरा किया।
कांग्रेस द्वारा एमएसपी बढ़ाने पर उठाए जा रहे सवाल पर बीरेंद्र सिंह ने कहा कि किसानों के लिए कांग्रेस ने क्या किया। पचास साल तक कांग्रेस को किसान नजर नहीं आया। मैंने खुद देखा कांग्रेस ने दस रुपए से एक रुपए तक गेहूं का भाव बढ़ाया था। कांग्रेस की सोच कभी भी किसान हितैषी नहीं रही है। आज जब किसान हित में बड़ा फैसला खरीफ की फसल का एमएसपी बढ़ाने के लिए हमारी सरकार ने लिया तो विपक्षी पार्टियों की नींद उड़ गई। आज पीएम की बढ़ती लोकप्रियता के चलते विपक्षी पार्टियों को एक होने पर मजबूर कर दिया है। इस मौके पर विधायक प्रेमलता, हरेंद्र डूमरखां, संजीव डूमरखां, बिजेंद्र डूमरखा कलां, जितेंद्र श्योकंद, कपिल श्योकंद, प्रदीप मोर, नसीब दनौदा, सुरेंद्र गर्ग, सज्जन चौधरी, धर्मेंद्र चहल, आत्माराम बुडायन मौजूद रहे।