अमर उजाला ब्यूरो
नरवाना। पेयजल की किल्लत को लेकर बेलरखा गांव के बाहरी कॉलोनियों महिलाओं ने मटके फोड़कर प्रदर्शन किया। रविवार दोपहर दिल्ली पटियाला हाइवे पर जाम लगाकर पानी की मांग की। महिलाओं ने जन स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों ने बताया कि जल घर से उनके घरों में पीने का पानी नहीं पहुंच रहा जिससे गर्मी की शुरूआत में ही उन्हें भारी किल्लत हो गई। अपनी किल्लत को विभाग के अधिकारियों को कई बार अवगत करवाया लेकिन कोई संज्ञान नहीं लिया गया। ग्रामीणों ने रोष स्वरूप गांव में हाइवे पर जाम लगा दिया। ग्रामीणों ने बताया कि 18 जनवरी को भी उन्होंने पानी की समस्या को लेकर जाम लगाया था और अधिकारियों के आश्वासन पर जाम खोला था कि उनकी पानी की समस्या को दूर किया जाएगा, लेकिन गांव में पानी की समस्या पहले की तरह बनी हुई है। राजकुमार, मनीष, अनील, पिंकी, उषा ने बताया कि गर्मी में उन्हें काफी दिक्कत आएगी। एसडीओ सतीश कुमार मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को जल्द पानी पहुंचाने का आश्वासन दिया। जिसके बाद ग्रामीणों ने जाम खोल दिया।
राहगीर रहे परेशान
जाम के कारण राहगीर एक घंटे तक जाम फंसे रहे। जिसके लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। राहगीरों ने कहा कि ऐसे मामले में प्रशासनिक अधिकारियों को राहगीरों की समस्या को देखते हुए तुरंत समाधान करना चाहिए। ताकि दूसरे लोगों को जाम के कारण परेशानी ना उठानी पड़े।