जींद। जिला प्रशासन एवं हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन द्वारा डीआरडीए परिसर में शुक्रवार को रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न कंपनियों ने 161 युवाओं का चयन करके मौके पर ही उनको नियुक्ति पत्र जारी किए। इस मौके पर विधायक डॉ. कृष्ण मिड्ढा ने मुख्यातिथि के रुप में शिरकत की। इस मौके पर अमरेंद्र कौर, एलडीएम विनोद कुमार, आरसीटी के निदेशक जगदीश राठी, डीपीएम सुनील कुमार, जिला परिषद चेयरपर्सन प्रतिनिधि कुलदीप रंधावा समेत कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
मेले में काफी संख्या में बेरोजगारों युवक एवं युवतियों ने पहुंचकर रोजगार के लिए रजिस्ट्रेशन करवाया और साक्षात्कार में भाग लिया। मेले में 24 कंपनियों ने आकर अपने काउंटर लगाये और अपनी मांग के अनुरूप बेरोजगारों को शॉटलिस्टिड किया। 161 युवाओं को मौके पर ही नियुक्ति पत्र दिए गए है। काफी युवाओं की औपचारिकताएं शेष रह गई, जिनकों कंपनी अधिकारियों ने जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया। जिला परिषद सीईओ डॉ. किरण सिंह ने कहा कि इस जॉब फेयर में आए पात्र बेरोजगारों का चयन कर लिया जाएगा। औद्योगिक क्षेत्र में कैरियर बनाने के लिए थोड़े वेतन से ही शुरूआत की जा सकती है। इसके बाद बेरोजगार की योग्यता के आधार पर उसे अच्छी सैलरी मिलने लगती है। उन्होंने यह भी कहा कि हरियाणा के युवाओं को एनसीआर क्षेत्र में अपनी योग्यता के बल पर निजी कंपनियों में अच्छा पैकेज मिल जाता है। यह युवक की योग्यता, कर्मठता पर ही निर्भर करता है।
बुजुर्ग महिलाओं को भी बुलाया गया
रोजगार मेले की अजीब बात यह थी कि इसमें बुजुर्ग महिलाएं भी शामिल हुई। कई महिलाओं ने बताया कि उनको बीपीएल राशन कार्ड बनाने का नाम लेकर बुलाया गया था। कुछ महिलाओं ने बताया कि उनको परिवार पहचान पत्र की त्रुटियां ठीक करने का नाम लेकर बुलाया गया था।