जींद। सदर थाना पुलिस सफीदों ने चार लोगों के खिलाफ विदेश भेजने का झांसा देकर 16 लाख रुपये ठगने के आरोप में मामला दर्ज किया है।
मुआना गांव निवासी रामपाल ने पुलिस को बताया कि उसकी पूर्व पुलिस कर्मचारी कुलवंत दूहन और उसके बेटे अंकुश से पुरानी जान पहचान है। इन्होंने शिव कॉलोनी निवासी गोल्डी शर्मा को यह कहकर परिचय करवाया था कि वह लोगों को विदेश भेजने का काम करता है, जो अधिकृत एजेंट है। इन्होंने रामपाल को विश्वास में ले लिया और कहा कि संजय कुमार का कनाडा का वर्क परमिट वीजा लगवा देंगे। उसके लिए 10 लाख रुपये देने होंगे।
पीड़ित ने इन पर विश्वास करके दो लाख पच्चास हजार रुपये अंकुश के बैंक खाता में 30 जनवरी 2023 को और एक फरवरी 2023 को दो लाख रुपये डलवा दिए। इसी दिन उसने अपने रिश्तेदार विजयपाल गांव कारखाना से एक लाख 75 हजार रुपये उधार लिए। इन्होंने संजय कुमार का पासपोर्ट बनवाने को कहा, जो पास पोर्ट बनवा लिया। फिर उन्होंने कहा कि कनाडा के वर्क परमिट वीजा के लिए संजय के साथ पुत्रवधू का भी वीजा लगवाना पड़ेगा। आरोपियों ने गोल्डी के ऑफिस की कर्मचारी श्वेता के साथ संजय की शादी के कागजात तैयार करवा दिए। बाद में उन्होंने कहा कि कनाडा का वीजा लग नहीं पा रहा है। इंग्लैंड का वीजा लगवा देंगे, उसके लिये 25 लाख रुपये लगेंगे। इसके लिए 16 लाख रुपये पहले देने होंगे। इस पर भी उन्होंने सहमति दे दी क्योंकि उनके पास पहले से 6 लाख 25 हजार रुपये जा चुके थे। उसने यह राशि उन्हें दे दी। गोल्डी 7 लाख रुपये का चेक गारंटी के तौर पर दिया। 28 मार्च 2024 को उसे बताया गया कि वर्क परमिट वीजा की कार्रवाई की गई है, लेकिन किन्ही कारणों की वजह से वीजा कैंसिल हो गया है। जब उसने बैंक में चेक लगाया तो हस्ताक्षर सही नहीं होने की वजह से बाउंस हो गया। 15 दिसंबर 2024 को कुलवंत के कार्यालय में एक पंचायत रखी, जिसमें कई व्यक्ति और चारों आरोपी मौजूद थे। पुलिस ने इस मामले में कुलवंत सिंह दूहन, अंकुश दूहन, गोल्डी शर्मा और उसकी कर्मचारी श्वेता के खिलाफ धोखाधड़ी कर राशि ऐंठने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।