जींद। पिछले डेढ़ साल से निष्कर्य चल रही जिला परिषद अब फिर से सक्रिय होने जा रही है। सात जून को जिला परिषद की नई चेयरपर्सन का चुनाव किया जाएगा। इसी दिन जिला परिषद के पास आए करीब 15 लाख रुपये के बजट का आवंटन भी होगा। डीसी डॉ. आदित्य दहिया ने शुक्रवार को दोनों ही मीटिंगों का पत्र जारी किया है। अब सात जून को ही जिला परिषद की चौधर का फैसला होगा। सुबह नौ बजे चेयरपर्सन के चुनाव के लिए लघु सचिवालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में मीटिंग होगी और इसके बाद बजट को लेकर मीटिंग होगी।
15 मार्च 2016 को हुआ था जींद जिला परिषद की चेयरपर्सन का चुनाव
गौरतलब है कि 15 मार्च 2016 जींद जिला परिषद की चेयरपर्सन का चुनाव हुआ था। इसमें पदमा सिंगला ने प्रवीण देवी घणघस को एक वोट से हराकर कुर्सी तो प्राप्त कर ली, लेकिन यह सब अधिक दिनों तक नहीं चल पाया। छह महीने में ही जिला परिषद में खींचतान शुरू हो गई और पिछले साल16 अगस्त को पार्षदों ने चेयरपर्सन पदमा सिंगला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव के शपथ पत्र डीसी को दिए थे।
30 मार्च को पदमा सिंगला हारी थी अविश्वास प्रस्ताव
हालांकि इसके बाद चुनाव हुआ, लेकिन पदमा सिंगला ने चुनाव को अदालत में चुनौती दी थी। अदालत के आदेश पर 30 मार्च को मतों की गिनती हुई तो पदमा सिंगला अविश्वास प्रस्ताव हार गई। इसके बाद हालांकि उप प्रधान उमेद सिंह रेढू ने जिला प्रशासन से बजट आवंटन के लिए बैठक बुलाने की मांग की थी। इसके कुछ दिन बाद ही कई अन्य पार्षदों ने नई चेयरपर्सन के चुनाव की मांग की। इस पर डीसी डॉ. आदित्य दहिया ने सात जून को नई चेयरपर्सन के चुनाव व बजट आवंटन की मीटिंग करवाने का पत्र जारी किया है।
चेयरपर्सन का पद महिला के लिए आरक्षित
जींद जिला परिषद चेयरपर्सन का पद महिला के लिए आरक्षित है। ऐसे में कुल 26 पार्षदों में से चुनकर आई 11 महिलाएं चेयरपर्सन पद के लिए दावा ठोंक रही हैं। इनमें सबसे प्रमुख दावेदार वार्ड-25 से प्रवीण देवी घणघस को माना जा रहा है। प्रवीण देवी घणघस पिछले चुनाव में भी महज एक वोट से हार गई थी। इसके अलावा वार्ड नंबर 12 से कुमारी गुंजन दलाल भी इस बार चेयरपर्सन पद के लिए ताल ठोंक सकती हैं। वार्ड नंबर 23 से कोमल देवी व वार्ड नंबर 19 की पार्षद गीता देवी भी चेयरपर्सन पद की दौड़ में हैं।
भाजपा के कुछ नेताओं ने पार्षदों से साधा संपर्क
हालांकि पार्षदों द्वारा नई चेयरपर्स चुनने की मांग के साथ ही चेयरपर्सन के लिए दोवेदारी ठोक रही पार्षदों ने पाले बंदी शुरू कर दी थी, लेकिन अब चुनाव की तारीख आने के बाद राजनीतिक आकाओं के यहां भी हाजिरी लगनी शुरू हो गई है। जींद में भाजपा के कुछ नेताओं से पार्षदों ने संपर्क साधा है। वहीं चेयरपर्सन की दौड़ में चल रही पार्षदों ने भी अपना-अपना पाला मजबूत करने के लिए पार्षदों से संपर्क साधना शुरू कर दिया है।
स्थानीय नेताओं का रुतबा भी तय करेगा चुनाव
बेशक जिला परिषद की चेयरपर्सन का चुनाव पार्षदों के लिए खास है। इस पर स्थानीय नेताओं की प्रतिष्ठा भी तय होगी। पिछली बार जब पदमा सिंगला चेयरपर्सन बनी, उन्हें तत्कालीन केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह का अशीर्वाद था। इस बार किस नेता के आशीर्वाद से चेयरपर्सन बनती है, यह समय ही बताएगा।
सोमवार को पार्षदों ने की थी मांग
चेयरपर्सन के चुनाव को लेकर पार्षदों ने सोमवार को डीसी डॉ. आदित्य दहिया से मुलाकात की थी। इस दौरान पार्षदों ने डीसी को ज्ञापन सौंप कर चेयरपर्सन का चुनाव करने की मांग की थी। इसके बाद अब सात जून की तारीख चुनाव के लिए तय की गई है।