प्रदेश की गोशालाएं होंगी सबसे पहले सौर ऊर्जा से संचालित: भानीराम
अमर उजाला ब्यूरो
सफीदों। हरियाणा गोसेवा आयोग के अध्यक्ष भानीराम मंगला ने कहा कि गोशालाओं को स्वावलंबी व आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार निरंतर योजनाएं बनाकर उनको अमलीजामा पहना रही है। वह सोमवार को पुरानी अनाज मंडी में आयोग के सदस्य श्रवण गर्ग के निवास पर गोशालाओं को सहायता राशि के चेक प्रदान करने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की सबसे बड़ी समस्या बेसहारा गोवंश को सड़कों से हटाने की दिशा में सरकार ने करनाल जेल में गोशाला शुरू की है और गांवों में गोगृह केंद्र तथा ग्रामीण गोसेवा केंद्र खोल रही है। सरकार ने तीन सालों में 165 नई गोशालाएं व नंदीशालाएं खोली हैं। इनमें एक लाख से ज्यादा बेसहारा गोवंश को रखा गया है। गोशालाओं के अंदर बायो सीएनजी बनाने के भी प्लांट लगाए जाएंगे और इस वर्ष में 10 से 15 गोशालाओं में इन प्लांटों की स्थापना कर दी जाएगी। इसके साथ-साथ प्रदेश की 278 गोशालाओं में सौर ऊर्जा के प्लांट लगाने की योजना है और इसके लिए टेंडर भी हो चुके हैं। पूरे भारत में हरियाणा प्रांत ऐसा होगा, जहां पर सौर ऊर्जा के माध्यम से गोशालाओं में बिजली संचालित होगी। इस मौके गोसेवा आयोग के सदस्य श्रवण गर्ग, राज सैनी, कुलबीर खर्ब, हरियाणा जीवजंतु कल्याण बोर्ड सदस्य शीशपाल बैरागी, गोशाला समिति के अध्यक्ष शिवचरण कंसल व कोषाध्यक्ष पवन सिंगला मौजूद थे।