रजाना खुर्द में आग लगने से जला 15 एकड़ गेहूं, 14 एकड़ फनों
अमर उजाला ब्यूरो
पिल्लूखेड़ा। सोमवार को पिल्लूखेड़ा खंड के रजाना खुर्द गांव के खेतों में अचानक आग लगने से लगभग 15 एकड़ गेहूं की फसल और 14 एकड़ गेहूं के फाने जलकर राख हो गई। आग लगने की जानकारी मिलते ही सफीदों एसडीएम वीरेंद्र सांगवान मौके पर पहुंच। उन्होंने घटनास्थल पर ही मौजूद रहकर दमकल कर्मियों और अन्य अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। एसडीएम जब मौके पर पहुंचे तो सफीदों दमकल विभाग की एक गाड़ी आग बुझाने में लगी थी, लेकिन आग ज्यादा फैलने के कारण एसडीएम ने तुरंत जींद दमकल विभाग को निर्देश देकर तीन दमकल गाड़ियां और मंगवाईं।
शनिवार और रविवार को भी बूढ़ा खेड़ा के खेतों में लगी आग ने करीब 29 एकड़ गेहूं की फसल को अपनी चपेट में ले लिया था। एसडीएम ने सोमवार को रजाना खुर्द में मौके पर ही संबंधित गांवों के पटवारियों और अधिकारियों को तलब किया और उन्हें तुरंत प्रभाव से 2 दिन में प्रभावित फसल की गिरदावरी करने के लिए कहा। रजाना खुर्द के किसान बदन सिंह, दलबीर सिंह, लाभ सिंह, जगदीश, तेजा बेरी खेड़ा, जगदीश रजाना, पवन, मनोज और सोनू ने कहा कि इस आग में उनकी गेहूं की खड़ी फसल और फान्ने जल गए। आग लगने के कारणों का अभी तक कुछ पता नहीं चला।
एसडीएम ने कहा कि जल्द से जल्द उनकी फसल की गिरदावरी करवाकर केस को चंडीगढ़ भेज दिया जाएगा ताकि सरकारी नियमानुसार उन्हें समय पर मुआवजा राशी उपलब्ध करवाई जा सके। सोमवार को रजाना खुर्द के खेतों में लगी आग बुझाने में पिल्लूखेड़ा के एसएचओ परमजीत सिंह, मुंशी संजय सफीदों और जींद से आए दमकल विभाग के कर्मचारियों तेजबीर सिंह कालवा और सुनील कुमार ने साहस का परिचय देते हुए ग्रामीणों की मदद से आग को बुझा दिया था। इस पर एसडीएम ने सभी कर्मचारियों का हौसला अफजाई किया।
16जेएनडी11: रजाना खुर्द के खेतों में गेहूं में लगी आग पर काबू पाते दमकल विभाग के कर्मचारी।
16जेएनडी12: घटनास्थल पर मौजूद एसडीएम वीरेंद्र सांगवान किसानों से बातचीत करते हुए।
16 जेएनडी13: किसान ट्रैक्टर की मदद से आग पर काबू पाते हुए।