अमर उजाला ब्यूरो
सफीदों
रामनगर गांव में 35 वर्षीय सुखपाल की गांव के ही कुलदीप उर्फ नन्हा ने गोली मार कर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार कुलदीप उर्फ नन्हा व सुखपाल अगल-अलग टोलियों में शराब पी रहे थे। कुलदीप ने सुखपाल को शराब पीने के लिए पानी लाने को कहा था। ऐसा नहीं करने पर कुलदीप ने सुखपाल की गर्दन में गोली मारकर हत्या कर दी। सुखपाल खेती करता था, और उसके एक बेटा व एक बेटी हैं।
पुलिस को दिए बयान में सुखपाल के भाई सुनील ने कहा कि सोमवार करीब साढ़े दस बजे वह अपने खेत से घर लौट रहा था। इस दौरान रामनगर गांव के बस स्टॉप पर किराना की दुकान के बाहर बने चबूतरे पर कुलदीप उर्फ नन्हा व पास में ही दूसरी टोली में सुखपाल शराब पी रही था। कुलदीप उर्फ नन्हा ने शराब पीने के लिए सुखपाल को लाने के लिए कहा। इस पर सुखपाल ने पानी लाने से मना किया तो कुलदीप ने सुखपाल की गर्दन पर गोली मार कर हत्या कर दी।
बॉक्स
शराब के अवैध ठिकाने बन रहे अपराध के अड्डे
जिले में अवैध रूप से शराब पिलाने के ठिकाने अपराध के अड्डे बनते जा रहे हैं। पुलिस इसकी जानकारी होने के बावजूद भी कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। दरअसल जिला भर में कई सारे ऐसे रेस्टोरेंट हैं, जहां अवैध रूप से शराब बेची या पिलाई जाती है, लेकिन पुलिस यहां कार्रवाई नहीं करती।
बॉक्स
दो माह में नौ हत्याएं
छह जनवरी से 26 फरवरी तक जिले में हत्या के नौ मामले सामने आ चुके हैं। इसके अलावा जींद शहर में नगर परिषद के उप प्रधान पर जानलेवा हमला किया गया। पिछले कुछ दिनों में अपराध का ग्राफ काफी बढ़ा है। इससे पुलिस की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में हैै।
सुखपाल से थी रंजिश
पुलिस को दिए बयान में सुखपाल के भाई सुनील ने कहा कि कुलदीप उर्फ नन्हा पहले भी सुखपाल से रंजिश रखता था। दोनों के बीच में कई बार कहासुनी हो चुकी थी।
आरोपी के खिलाफ पहले भी दर्ज हैं केस
पुलिस के अनुसार आरोपी कुलदीप उर्फ नन्हा के खिलाफ पहले भी पिल्लूखेड़ा थाना और पानीपत थाना में केस दर्ज हैं। पिल्लूखेड़ा थाना में दुष्कर्म का मामला है। पुलिस सूत्रों के अनुसार इस मामले में समझौता हो चुका है।
आरोपी को पकड़ने में जुटी पुलिस
डीएसपी सुनील कुमार ने कहा कि आरोपी कुलदीप को पकड़ने के लिए तीन टीमें लगी हुई हैं। जिसमें जींद डिटेक्टिव स्टाफ, सीआईए और उनके साथ एसएचओ रामनिवास टीम की आरोपी के ठिकानों पर छापामारी कर रही हैं।