जहां डेंगू के अधिक मरीज वहां विशेष ध्यान रखने की आवश्यकता: दहिया
अमर उजाला ब्यूरो
जींद। नागरिक अस्पताल में वीरवार को जिले के सभी स्वास्थ्य सुपरवाइजर की मासिक बैठक सिविल सर्जन डॉ. संजय दहिया की अध्यक्षता में हुई। बैठक में उपस्थित सभी स्वास्थ्य सुपरवाइजर को सिविल सर्जन डॉ. संजय दहिया ने स्वास्थ्य विभाग द्वारा डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया, डायरिया व स्वाइन फ्लू रोकथाम, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के लिए चलाए जा रहे जागरूकता अभियान की समीक्षा की। इस दौरान सिविल सर्जन ने सभी स्वास्थ्य सुपरवाइजरों को उक्त अभियान में और तेजी से कार्य करने व अभियान से जुड़े बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं व आशा वर्कर के कार्य का निरीक्षण करने तथा उनको समय-समय पर मार्गदर्शन देने के आदेश दिए। सिविल सर्जन ने बताया कि जनता में जागरूकता पैदा करने से लोगों को 80 प्रतिशत बीमारियों से बचाया जा सकता है। जहां जहां डेंगू के मामले सामने आ रहे है, वहां पर विशेष ध्यान रखने की आवश्यकता है। उन्होंने स्वास्थ्य सुपरवाइजरों को निर्देश दिए कि वह स्वयं वहां जाकर नागरिकों को साफ सफाई रखने की जानकारी दे ताकि उन क्षेत्रों में मलेरिया, डेंगू, उल्टी दस्त जैसी बीमारियों से लोग अपने आप को सुरक्षित रख सके। इस अवसर पर उप सिविल सर्जन डॉ. नवनीत कुमार ने स्वास्थ्य सुपरवाइजरों से आह्वान किया कि बच्चों को समय पर टीकाकरण करवाने और नियमित जांच करवाने के लिए अभिभावकों को प्रेरित करने का काम करे ताकि बच्चे को कुपोषित व डायरिया होने सहित अनेक बीमारियों से बचाया जा सके।