मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी ने जांची अंत्योदय केंद्र की व्यवस्था, कर्मचारियों को लगाई फटकार
अमर उजाला ब्यूरो
जींद। लोगों के ऑनलाइन काम आसानी से करवाने के लिए सरकार द्वारा शुरू किए गए अंत्योदय केंद्र में चल रही अनियमितताओं पर वीरवार को मुख्यमंत्री की सुशासन सहयोगी अंजली ने अंत्योदय केंद्र की व्यवस्थाएं जांची। इस दौरान ठीक से काम नहीं होने पर उन्होंने कुछ कर्मचारियों का फटकार भी लगाई और कहा कि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। वहीं काम के लिए आए लोगों ने जब काफी देर इंतजार करने की बात कही तो मुख्यमंत्री की सुशासन सहयोगी ने जांच की, लेकिन उनकी मौजूदगी में ही इंटरनेट नहीं चला। इस पर उन्होंने लोगों को इंतजार करने को कहा।
गौरतलब है कि पिछले कुछ दिन से अंत्योदय केंद्र पर काम करने वाले लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही थी। लोगों का कहना है कि यहां तैनात कर्मचारी उनका काम नहीं कर रहे हैं। इस पर मीडिया में रिपोर्ट आने के बाद वीरवार को मुख्यमंत्री की सुशासन सहयोगी अंजली ने सुबह साढ़े नौ बजे ही अंत्योदय केंद्र का रूख किया और यहां काम के लिए आए लोगों व कर्मचारियों से बातचीत की। उन्होंने बताया कि लोगों की जो भी परेशानियां थी, उन्हें दूर कर दिया है।