18 फरवरी को खटकड़ में बलिदान दिवस मनाएगी जाट आरक्षण संघर्ष समिति
अमर उजाला ब्यूरो
जींद।
प्रदेश भर में हुए जाट आरक्षण के दौरान जान गंवाने वाले लोगों की याद में 18 फरवरी को खटकड़ गांव में समारोह करेगी। इसको लेकर समिति की जिला कार्यकारिणी ने शनिवार को जाट धर्मशाला में मीटिंग की।
समिति के जिला प्रधान कैप्टन भूपेंद्र सिंह जागलान ने कहा कि 18 फरवरी को बलिदान दिवस देश के 13 राज्यों में एक साथ मनाया जाएगा। इस बार का आंदोलन देश के विभिन्न राज्यों में आरक्षण की मांग कर रहे दूसरी जातियों के एक साथ मिलकर आंदोलन किया जाएगा। आंदोलन की आगामी रुपरेखा तैयार करने के लिए 25 फरवरी को दिल्ली में जाट, मराठा, पटेल जाति के लोगों की एक साथ बैठक की जाएगी। इसमें सभी जातियां आंदोलन की रूपरेखा तैयार करेगी और पूरे देश में एक साथ आंदोलन करेगी। इस दौरान जाट नेताओं ने कहा कि पिछले साल हुए आंदोलन के दौरान केंद्र सरकार ने जाटों को आरक्षणदेने का आश्वासन दिया था। अब सरकार इस वादे को भूल गई है। ऐसे में फिर से प्रदेश में आंदोलन की शुरुआत की जाएगी। इस बार आरक्षण की मांग पूरी किए बगैर आंदोलन को समाप्त नहीं किया जाएगा। इस अवसर पर कैप्टन वेदपाल बरसोला, कैप्टन रणधीर सिंह चहल, पाल सिंह नंबरदार, सत्यवान इक्कस मौजूद रहे।