जींद। बहुजन समाज पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष डाॅ. कृष्ण जमालपुर ने मंगलवार को जिले का दौरा किया। उन्होंने विधानसभा उचाना एवं नरवाना के गांव बिघाना, पालवां, उचाना कलां एवं बेलरखा में कार्यकर्ताओं से मिले और उनके दुख-सुख में शामिल हुए।
इस दौरान प्रदेशाध्यक्ष डॉ. कृष्ण जमालपुर ने जर्जर सरकारी स्कूलों की स्थिति पर सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि हरियाणा जैसे राज्य में सैकड़ों सरकारी स्कूलों की इमारतें जर्जर हालत में हैं और हजारों विद्यार्थियों का भविष्य खतरे में है।
रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश के 135 सरकारी स्कूलों की इमारतें जर्जर घोषित की गई हैं तथा इनमें से 49 स्कूलों में विद्यार्थियों की पढ़ाई भी चल रही थी, जिसे शिक्षा विभाग ने अब रोकने का निर्णय लिया है।
विद्यार्थियों के लिए तुरंत सुरक्षित वैकल्पिक व्यवस्था की जाए और जर्जर भवनों का शीघ्र पुनर्निर्माण कराया जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सरकारी स्कूलों में केवल भवनों की ही नहीं, बल्कि डिजिटल शिक्षा, पेयजल, शौचालय, बिजली तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की भी भारी कमी है।
उन्होंने सरकार से आह्वान किया कि जर्जर घोषित सभी स्कूलों का पुनर्निर्माण प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए, विद्यार्थियों की पढ़ाई बिना किसी बाधा के जारी रखने की व्यवस्था की जाए तथा पूरे प्रदेश के सरकारी स्कूलों का व्यापक सुरक्षा ऑडिट करवाकर उसकी रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए।
इस अवसर पर प्रदेश सचिव एसडीओ सूरत सिंह, डॉ. प्रवीण मंडल, पूर्व प्रत्याशी उचाना रणधीर घोघड़ियां, सुरेंद्र मांडी, ईश्वर उचाना, रजत कलौदा, प्रदीप अलेवा, सुरेश अलीपुरा, मोहन पेंटर, बबलू घोघड़ियां, कुलदीप घसो, सत्यवान अलीपुरा, सुभाष बुडायन, बिट्टू करसिंधु, राजा करसिंधु, राजेंद्र पेगां, सतीश पेगां, डाॅ. चांदराम बिघाना, जयपाल फौजी, प्रेम नरवाना मौजूद रहे।