फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ईवीएम में बंद हुआ प्रत्याशियों का भाग्य, शांतिपूर्वक हुआ मतदान

विज्ञापन
विज्ञापन
75.77 प्रतिशत हुआ मतदान, बूथ नंबर 116 पर शत प्रतिशत
विज्ञापन

अमर उजाला ब्यूरो
जींद। जींद उपचुनाव सोमवार को शांतिपूर्ण संपन्न हो गया। मतदान प्रक्रिया सुबह सात बजे शुरू हुई। पांच बजे के बाद भी कुछ मतदान केंद्रों पर सवा सात बजे तक मतदान चलता रहा। कंडेला और जलालपुर खुर्द गांव में आपसी कहासुनी की घटना हुई। वहीं जलालपुर खुर्द और जलालपुर कलां के बूथ नंबर 146 पर वीवपैट मशीन खराब होने से दो घंटे मतदान में बाधा आई। बाद में वीवपैट मशीनें बदल दी गई। जिले में 75.77 प्रतिशत मतदान हुआ। जींद के बूथ नंबर 116 पर 644 में से 644 वोट डालकर शतप्रतिशत मतदान का रिकार्ड बना। मतदान को लेकर लोगों में खासा उत्साह नजर आ रहा था। ग्रामीण क्षेत्र में भी वोट डालने के लिए लोग काफी उत्सुक नजर आ रहे थे। महिलाएं भी मतदान को लेकर पीछे नहीं रही। महिलाओं ने भी मतदान में अपनी भागीदारी दर्ज करवाई। ग्रामीण क्षेत्र में तो महिलाएं गीत गाती हुई वोट डालने पहुंची। चुनाव को शांति पूर्वक संपन्न करवाने को लेकर प्रशासन द्वारा पुख्ता प्रबंध किए गए।
मतदान के प्रति लोगों में खासा उत्साह रहा। सुबह सात बजे कड़ाके की ठंड के बीच लोग मतदान केंद्रों पर पहुंचने लगे थे। कुछ मतदान केंद्रों पर शाम छह बजे के बाद तक मतदान चलता रहा। जींद विधानसभा के 172774 मतदाताओं में से 130913 ने अपने मतों का प्रयोग किया। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी अमित खत्री, एसएसपी अश्विनी शैणवी के साथ-साथ अन्य अधिकारियों ने दिनभर मतदान केंद्रों का दौरा किया तथा उनका जायजा लिया। हरियाणा पुलिस के जवानों के साथ-साथ सीआरपीएफ व अन्य फोर्सों के जवान तैनात किए गए थे। जिला मुख्यालय से जींद विधानसभा क्षेत्र के रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम वीरेंद्र सहरावत मतदान केंद्रों पर लगातार निगरानी बनाए हुए थे। मतदान केंद्रों पर मतदान प्रक्रिया की वीडियोग्राफी करवाई गई। लगभग तीन दर्जन मतदान केंद्रों पर वेब कास्टिंग केंद्रों के माध्यम से मॉनीटरिंग की गई। मतदान प्रक्रिया शुरू होने से लगभग एक घंटा पहले वीरेंद्र सहरावत ने वेब कास्टिंग कैमरों एवं मोबाइल फोन के जरिए पीठासीन अधिकारियों से बातचीत की और मॉक पोल प्रक्रिया को भी देखा।
विज्ञापन

उन्होंने मतदान केंद्रों पर उपस्थित पोलिंग पार्टियों से कहा कि मतदान प्रक्रिया बिल्कुल निष्पक्ष, पारदर्शी एवं व्यवस्थित तरीके से सम्पन्न करवाना सुनिश्चित करें। मतदाताओं का मतदान के प्रति अच्छा खासा उत्साह नजर आया। मतदान प्रक्रिया शुरू होते ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी-लंबी कतारें लगी नजर आने लगीं। महिला मतदाताओं की लाइनें भी सुबह ही काफी लंबी लग गई थीं। कई मतदान केंद्रों में मतदाताओं की भीड़ के चलते शाम को सात बजे तक मतदान प्रक्रिया चली। जींद उपचुनाव में 75.77 प्रतिशत मतदान हुआ।
जलालपुर कलां में 146 नंबर बूथ पर वीवपैट मशीन हुई खराब
जलालपुर कलां गांव में बूथ नंबर 146 पर वीवपैट मशीन खराब होने के कारण लगभग दो घंटे मतदान रुका रहा। सुबह आठ बजे मशीन खराब हुई जो दस बजे बदली गई। इसी प्रकार हिंदू कॉलेज के बूथ पर भी वीवपैट खराब हुई। 40 मिनट के बाद उसे बदला गया। जलालपुर खुर्द में भी लगभग दो घंटे तक वीवपैट मशीन खराब रही। इससे मतदान प्रभावित हुआ।
जलालपुर खुर्द व कंडेला गांव में मतदान के दौरान हुई कहासुनी
मतदान के दौरान जलालपुर खुर्द व कंडेला गांव में कार्यकर्ताओं के बीच थोड़ी बहुत कहासुनी होने का समाचार मिला है लेकिन पुलिस प्रशासन ने मौके पर पहुंच कर दोनों जगह स्थिति को नियंत्रित कर लिया। बाकि अन्य जगहों पर शांति पूर्वक मतदान हुआ।
विज्ञापन

रूपगढ़ गांव में आजाद प्रत्याशी ने लगाए मशीन सही काम नहीं करने के आरोप
रूपगढ़ गांव के बूथ नंबर 19ए में पहुंचे आजाद प्रत्याशी मांगेराम ने जब ईवीएम की जांच की तो पाया कि उसके चुनाव चिह्न के सामने वाला बटन दब ही नहीं रहा है। इस पर जब मांगेराम ने एतराज जताया तो चुनाव आयोग की टीम को मौके पर भेजा गया। चुनाव आयोग की टीम ने रिपोर्ट निर्वाचन अधिकारी को दी है। वहीं निर्वाचन अधिकारी वीरेंद्र सहरावत के अनुसार इस मामले की जांच की जा रही है।
अब तक हुए चुनाव में मतदान का प्रतिशत
चुनाव वर्ष कौन जीता पार्टी का नाम पराजित प्रत्याशी पार्टी मतदान प्रतिशत
1967 दयाकृष्ण कांग्रेस इंद्र सिंह आजाद 74.65
1968 दयाकृष्ण कांग्रेस शंकर दास आजाद 55.71
1972 दलसिंह कांग्रेस (एस) दयाकृष्ण कांग्रेस 72.82
1977 मांगेराम गुप्ता आजाद प्रताप सिंह जनता पार्टी 70.31
1982 बृजमोहन सिंगला लोकदल मांगेराम गुप्ता कांग्रेस 76.20
1987 परमानंद लोकदल मांगेराम गुप्ता कांग्रेस 76.28
1991 मांगेराम गुप्ता कांग्रेस टेकराम जनता पार्टी 69.58
1996 बृजमोहन सिंगला हविपा मांगेराम गुप्ता कांग्रेस 72.71
2000 मांगेराम गुप्ता कांग्रेस गुलशन लाल इनेलो 69.88
2005 मांगेराम गुप्ता कांग्रेस सुरेंद्र बरवाला इनेलो 74.58
2009 डॉ. हरिचंद मिड्ढा इनेलो मांगेराम गुप्ता कांग्रेस 74.56
2014 डॉ. हरिचंद मिड्ढा इनेलो सुरेंद्र बरवाला भाजपा 75.84
2019 75.77
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें