घरों में पानी नहीं पहुंचने पर जन स्वास्थ्य विभाग कार्यालय पहुंचे ग्रामीण
अमर उजाला ब्यूरो
जींद। जाजवान गांव के लोग पानी की पाइप लाइन में दबंग लोगों द्वारा कनेक्शन करने की शिकायत लेकर बुधवार को जन स्वास्थ्य विभाग कार्यालय पहुंचे। ज्ञापन के माध्यम से लोगों ने कहा कि गांव में पानी की सप्लाई के लिए रामराय से पाइप लाइन के माध्यम से पानी जाता है। गांव के 80-90 घर ऊंचाई पर हैं। जिनके लिए स्पेशल पाइप लाइन बिछाई गई है। अधीक्षक अभियंता ने इस पाइप लाइन में कोई अन्य कनेक्शन नहीं करने के आदेश दिए थे, लेकिन गांव के कुछ लोग इस पाइप लाइन में कनेक्शन कर रहे हैं। इससे उन घरों में पानी नहीं पहुंच पाता है जो घर ऊंचाई पर हैं। जो लोग उस पाइप लाइन में कनेक्शन कर रहे हैं उनके पाइप लाइन में पानी नहीं आता। जिसके कारण वह उस पाइप में कनेक्शन कर रहे हैं जो स्पेशल उन घरों के लिए हैं जो ऊंचाई पर हैं। ऐसे में गांव के लोग शिकायत लेकर जन स्वास्थ्य विभाग कार्यालय पहुंचे। लोगों ने मांग कि उन कनेक्शन को हटाया जाए ताकि पानी ऊंचाई के घरों में पहुंच सके । मामले की गंभीरता को समझते हुए जनस्वास्थ्य विभाग के जेई संजय शर्मा ने मामले की उचित कार्रवाई करने के आदेश दिए। इस मौके पर सुरेश, उमेद, नसीब, सुभाष, अजमेर, महेंद्र, राजेंद्र व सतबीर मौजूद रहे।