पंचायती जमीन पर मोबाइल टावर लगा रहे लोगों को रोका तो सरकारी कर्मचारी के साथ की मारपीट
अमर उजाला ब्यूरो
अलेवा। शामदो गांव में वीरवार को पंचायती जमीन पर मोबाइल टॉवर लगा रहे लोगों ने पंचायत विभाग के एसईपीओ के साथ मारपीट व अपशब्द बोलेत हुए सरकारी कार्य में बाधा डाली। इसकी शिकायत अलेवा खंड के कार्यकारी बीडीपीओ सुनहरा सिंह ने अलेवा पुलिस को दी है। हालांकि अभी तक इसमें मामला दर्ज नहीं हुआ है।
पुलिस को दी शिकायत में अलेवा खंड के कार्यकारी बीडीपीओ सुनहरा सिंह ने बताया कि वीरवार को वह सफीदों के एक गांव में कब्जा ड्यूटी पर था। उन्हें सूचना मिली कि शामदो गांव में कुछ लोग पंचायती जमीन पर मोबाइल टावर लगवा रहे हैं। उन्होंने पंचायत पटवारी एवं एसईपीओ का कार्यभार देख रहे संदीप कुमार को दूरभाष पर मौखिक आदेश दिया कि मौके पर पहुंचकर यदि टावर पंचायती जमीन में लग रहा है तो उसे रुकवा दो। संदीप कुमार ने आदेश की पालना करते हुए मौका पर पहुंचा और जो लोग टावर लगवा रहे थे, उनको समझाते हुए कहा कि आप गांव की आबादी में टावर लगा रहे हैं। यह गलत है और न ही आप लोगों ने यहां पर टावर लगवाने की अनुमति ग्राम पंचायत से ली। इस कारण आप यहां पर टावर नहीं लगा सकते। इतना सुनते ही टावर लगवा रहे अमित, किताबा तथा कुलबीर सिंह ने उनके कर्मचारी के साथ हाथापाई करते हुए मारपीट की और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई। इस बारे मं थाना प्रबंधक अलेवा हरिओम शर्मा ने कहा कि अभी तक इस तरह के किसी मामले की शिकायत नहीं मिली है। जैसे ही शिकायत मिलेगी, आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।