अमर उजाला ब्यूरो
नरवाना। शनिवार सुबह दिल्ली-पटियाला नेशनल हाईवे पर बेलरखां गांव के पास ट्रक और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। इसमें बाइक सवार मामा-भांजे की मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक फरार हो गया। पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
शनिवार सुबह जींद के खोखरी निवासी 50 वर्षीय कृष्ण बाइक पर अपने 20 वर्षीय भांजे हसनगढ़ निवासी दिनेश के साथ खनौरी से नरवाना की ओर आ रहा था। बेलरखां के निकट तेजी से आ रहे एक ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में कृष्ण की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि हसनगढ़ निवासी दिनेश गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीर दिनेश को नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने जींद रेफर कर दिया। जींद अस्पताल में पहुंचने से पहले ही दिनेश की भी मौत हो गई। सदर पुलिस ने कृष्ण के शव पोस्टमार्टम नरवाना के नागरिक अस्पताल और दिनेश के शव का पोस्टमार्टम जींद के नागरिक अस्पताल में करवाकर परिजनों को सौंप दिए। परिजनों ने बताया कि कृष्ण शुक्रवार को खनौरी में अपनी बहन को मिलने गया था और उसके साथ उसका भांजा दिनेश भी था। दोनों शनिवार सुबह खनौरी से अपने गांव लौट रहे थे। दिनेश अविवाहित था और कृष्ण शादीशुदा था। जांच अधिकारी सत्यवान ने बताया कि ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।