अमर उजाला ब्यूरो
नरवाना। सुदकैन खुर्द गांव में विवाहिता द्वारा सुसाइड मामले में पुलिस कार्रवाई से खफा परिजनों ने सदर थाना में धरना देकर पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर रोष जताया। इसके बाद पुलिस हरकत में आई और मृतका के पति को गिरफ्तार कर लिया लेकिन इसके बाद भी परिजन देर शाम तक धरने पर बैठे रहे और मृतका के सास-ससुर को भी गिरफ्तार करने की मांग करते रहे।
गौरतलब है कि 24 मई को सुदकैन खुर्द गांव में कैथल निवासी रितु ने गले में फंदा डालकर आत्महत्या की थी। पुलिस ने सुसाइड नोट बरामद किया था जिसमें महिला ने अपने पति भूप सिंह, सास व ससुर पर तंग करने का आरोप लगाया था। सदर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया था लेकिन किसी की गिरफ्तारी नहीं की। पुलिस कारवाई से असंतुष्ट कई पुरुषों व महिलाओं ने नरवाना पहुंचकर पुलिस के खिलाफ सदर थाने में सुबह 10 बजे धरना शुरू कर दिया और आरोपियों को काबू करने की मांग की। कैथल निवासी मृतक महिला के चाचा कर्म सिंह, धर्म सिंह, निहाल सिंह, चांदराम, सतीश सिंह, बीरा, राजेंद्र सिंह, रोशन, संजू, शीशपाल ने आरोप लगाया कि पुलिस मामले को गंभीरता से नहीं ले रही। एसएचओ रामकुमार ने बताया कि सदर थाने में कोई धरना नहीं दिया गया। सिर्फ मृतका के परिजन मामले की कार्रवाई को लेकर मिलने आए थे। मृतका के पति को गिरफ्तार कर लिया है। जल्द ही अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।