अमर उजाला ब्यूरो
जींद।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर द्वारा तीन साल पहले जींद में दो रेलवे ओवर ब्रिज की घोषणा किए जाने के बाद भी अब तक इन पर काम शुरू नहीं हुआ है। सीएम की घोषणा के बाद हालांकि पिछले साल प्रदेश के बजट में भी इन आरओबी की घोषणा की गई, लेकिन अब तक निर्माण प्रक्रिया सिर्फ टेंडर तक ही पहुंची है। भिवानी रोड व पुराना हांसी रोड पर रेलवे ओवर ब्रिज बनने से शहर को राहत मिलेगी फिलहाल यहां दिन भर जाम की स्थिति बनी रहती है।
भिवानी रोड व पुराने हांसी रोड पर लगने वाली दोनों रेलवे फाटक दिल्ली-बठिंडा रेलवे सेक्शन पर हैं। इस रेलवे लाइन पर दिन भर में 60 से अधिक ट्रेन गुजरती हैं, जिसके चलते अधिकतर समय बंद रहती है। इससे यहां के दुकानदारों के साथ-साथ वाहन चालकों को भी परेशानी रहती है। तीन साल पहले जब मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने दोनों रेलवे फाटकों पर ओवर ब्रिज की घोषणा की थी तो लोगों को उम्मीद बंधी थी, लेकिन अब तक इस पर काम शुरू नहीं हो पाया है।
58 करोड़ रुपये की परियोजना
दोनों रेलवे फाटकों पर बनने वाले ओवर ब्रिज की परियोजना पर 58 करोड़ रुपये खर्च होने हैं। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया चल रही है। हांसी रोड पर बनने वाले ओवर ब्रिज के लिए हालांकि 28 करोड़ रुपये के टेंडर हो चुका है और अगले तीन महीने में यह काम अलाट हो जाएगा। वहीं हांसी रोड रेलवे फाटक पर ओवर ब्रिज के लिए टेंडर प्रक्रिया मंगलवार से फरवरी से शुरू होगी। ऐसे में इस परियोजना में अभी और समय लगना तय है। भिवानी रोड पर बनने वाले आरओबी की लंबाई 1076 मीटर होगी, जबकि पुराना हांसी रोड पर बनने वाले आरओबी की लंबाई 1150 मीटर की होगी।
जाम के कारण लोगों को हो रही परेशानी
शहर की दोनों फाटकों के बंद रहने से प्रतिदिन दिन भर लंबा जाम लगता है। इसके कारण वाहन चालकों को तो परेशानी होती ही है। शहरवासियों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। दोनों जगहों पर आरओबी के निर्माण से लोगों की परेशानियों का भी निदान हो जाएगा।
60 से अधिक गाड़ियों का आवागमन
शहर को जाम मुक्त बनाने के लिए पुराने हांसी रोड भिवानी बाईपास रोड पर आरओबी का निर्माण कार्य बहुत जरूरी है। लोगों द्वारा लंबे समय से इसकी मांग की जा रही है। हर रोज जींद-दिल्ली के बीच 60 से अधिक गाड़ियों के आवागमन के कारण दो रेलवे फाटक काफी समय बंद रहती है। जब फाटक बंद होती है दोनों रोड पर वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं। कई बार तो फाटक खुलने के बाद भी दोनों रोड पर लंबे समय तक जाम की स्थिति बनी रहती है। आरओबी निर्माण से केवल लोगों को फाटक के झंझट से छुटकारा मिलेगा। इसके अलावा भारी वाहनों अन्य वाहनों की इंट्री शहर में नहीं हो पाएगी। शहर के एक छोर से दूसरे छोर पर जाना आसान हो जाएगा और कुछ ही मिनटों में रोहतक बाईपास से वाहन पटियाला चौक तक पहुंच पाएंगे।
दोनों आरओबी की प्रक्रिया चल रही है। हांसी रोड आरओबी का टेंडर हो चुका है। वहीं भिवानी रोड फाटक के लिए टेंडर प्रक्रिया जल्द शुरू होगी। इसके बाद कंपनी को वर्क अलाट कर काम शुरू करवा दिया जाएगा। अगले एक साल में यह पुल बन जाएंगे।
रणजीत सिंह, एसडीओ एनएच