जींद। रजाना कलां गांव के नजदीक दो वाहनों की टक्कर में 13 लोग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस की सहायता से घायलों को नागरिक अस्पताल लाया गया। फिलहाल यहीं सभी का उपचार चल रहा है।
मतलोडा निवासी राममेहर अपने परिवार के साथ रविवार को गांव धड़ोली में मातम पुर्सी में शामिल होने के लिए कार में सवार होकर गए थे। दोपहर बाद जब वह घर लौट रहे थे तो गांव रजाना कलां के निकट उनकी कार इको कार से टकरा गई। इसमें गांव मतलोडा निवासी रामेहर, उसका बेटा अशोक, मनीष, रमेश, पुत्रवधू सुमन, आशु, सुनीता, पौत्री अंजू तथा चालक सोनू घायल हो गए, जबकि बच्चे बच गए। वहीं दूसरी गाड़ी में सवार पटियाला चौक निवासी वंदना, हर्ष, माधव तथा हार्दिक घायल हो गए। माधव परिवार के सदस्यों के साथ पानीपत से गाड़ी में सवार होकर जींद लौट रहा था। घटना की सूचना मिलने पर पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पिल्लूखेड़ा थाना प्रभारी रविंद्र ढांडा ने बताया कि पुलिस ने घायलों के बयान दर्ज कर लिए हैं।