जींद। जिला निर्वाचन अधिकारी मोहम्मद इमरान रजा ने कहा कि विधानसभा चुनाव को निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न करवाने के लिए प्रशासन तत्परता से काम कर रहा है। निर्वाचन आयोग की जारी हिदायत का पालन करते हुए सभी को बेहतर समन्वय बनाते हुए चुनाव से संबंधित कार्यों को सफल बनाना है।
उन्होंने कह कि आदर्श आचार संहिता का शत प्रतिशत पालन सुनिश्चित हो, इसके लिए सभी टीमें लगातार काम कर रही हैं। नागरिकों को चुनाव आचार संहिता का पालन करना जरूरी है। चुनाव लड़ रहे प्रत्याशी, उनके प्रतिनिधि या कोई भी अन्य व्यक्ति एक-दूसरे पर व्यक्तिगत, जातिगत, धर्म और संप्रदाय के संबंध में कोई भी टिप्पणी न करे। यदि कोई ऐसा करता है तो वह आचार संहिता का उल्लंघन माना जाएगा।
जिला के पांचों विधानसभा क्षेत्र में चुनाव को शांतिपूर्वक एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न करवाना है। ऐसे में जरूरी है कि नागरिक आचार संहिता का पालन करें। उन्होंने बताया कि टोल फ्री नंबर 1950 पर 9 सितंबर से अब तक आमजन की वोटर आईडी से संबंधित 123 शिकायतें मिली हैं। सभी शिकायतों का समाधान किया जा चुका है।