सीआरएयू के यूथ फेस्टिवल में पंजाबी गायक ने की उम्मीदवार की तारीफ, भेजा नोटिस
अमर उजाला ब्यूरो
जींद। चौधरी रणबीर सिंह विवि में चल रहे युवा समारोह में पहुंचे पंजाबी गायक अलफाज ने आचार संहिता लागू होने के बाद भी मंच से चुनाव लड़ रहे एक उम्मीदवार की तारीफ कर डाली। इस पर निर्वाचन अधिकारी वीरेंद्र सिंह ने विवि के कुलपति को नोटिस भेजकर जवाब मांगा है।
चुनाव आयोग द्वारा भेजे गए नोटिस में कहा गया है कि विवि में चल रहे युवा समारोह के दौरा विवि का मंच एक ऐसे व्यक्ति के लिए प्रयोग किया गया है, जो चुनाव लड़ रहा है। यह सब आयोजकों के सामने हुआ है। चुनाव आयोग ने कहा कि उन्हें (कुलपति) को इस बारे में सतर्क रहना चाहिए। किसी एक उम्मीदवार के लिए इस प्रकार से मंच का प्रयोग करने से आपराधिक केस बन सकता है। ऐसे में इस पर कोई कार्रवाई से पहले उन्हें जवाब देना चाहिए। अब चुनाव आयोग ने पूछा है कि विवि के मंच पर यह कैसे हो गया कि किसी ने विधानसभा के उम्मीदवार के बारे में प्रचार किया। जिस समय यह सब हुआ, इस पर आयोजकों ने कोई आपत्ति जताया या नहीं। यदि आपत्ति उठाई तो क्या कार्रवाई की। कोई पुलिस शिकायत या चेतावनी दी या नहीं। चुनाव आयोग के नोटिस में साफ कहा गया है कि यदि कोई आपत्ति नहीं जताई तो इसके पीछे क्या मंशा है। चुनाव आयोग ने 24 घंटे में जवाब देने के आदेश देते हुए कहा है।
गायक अलफाज ने चुनाव के दौरान एक युवा प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार किया। इसकी जानकारी उक्त उम्मीदवार की पार्टी के बनाए गए ग्रुप में भी डाली गई और यह लिखा गया कि शाम सवा छह बजे वे पार्टी के कार्यालय में मौजूद रहेंगे।
विवि में चल रहे युवा समारोह में अलफाज नामक गायक आया था। उसने अपनी प्रस्तुति के लिए समय मांगा। इस पर विवि ने उसे समय दे दिया। अपनी प्रस्तुति के बाद उसने एक उम्मीदवार की तारीफ की। इस पर उसे रोक दिया गया और मंच से घोषणा की गई कि मंच का प्रयोग किसी भी राजनीतिक गतिविधि के लिए नहीं किया जा सकता। इसका जवाब चुनाव आयोग को भेजा जा रहा है।
प्रोफेसर आरबी सोलंकी, कुलपति, सीआरएसयू।