प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान नहीं मिलने की शिकायत लेकर एडीसी से मिले लोग
अमर उजाला ब्यूरो
जींद। उचाना स्थित लोधर गांव के लोग प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान नहीं मिलने की शिकायत लेकर एडीसी मुनीष नागपाल से मिले। ज्ञापन के माध्यम से लोगों ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान मिलने के लिए अनुसूचित जाति के लोगों के मकान का सर्वे किया गया था। एजेंट प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान दिलवाने के नाम पर रुपये मांगता है। अनुसूचित जाति के लोगों ने रुपये नहीं देने की बात कही तो एजेंट ने उन लोगों को मकान दिलवा दिया जिन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान खरीदने के लिए एजेंट को रुपये दिए थे। लोगों ने मांग की है कि अनुसूचित जाति के लोगों का सर्वे दोबारा करवा कर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान दिलवाया जाए व एजेंट के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए। ग्रामीण दर्शन ने कहा कि गांव में अनुसूचित जाति के लोगों के लोगों के साथ भेदभाव किया जा रहा है। एजेंट उन लोगों को रुपये के लालच में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान दिलवा रहा है जिससे उसको रुपये मिल रहे हैं। जिस कारण प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान मिलने का लाभ अनुसूचित जाति के लोगों को नहीं मिल पा रहा है। इसकी शिकायत गांव के लोगों ने अधिकारियों से कई बार की, पर अधिकारियों ने इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की। जिसके चलते गांव के लोग एडीसी दरबार पहुंचे और अनुसूचित जाति के लोगों के लिए दोबारा सर्वे करवा मकान दिलवाने की मांग की। एडीसी मुनीष नागपाल नेे मामले की गंभीरता को समझते हुए अधिकारियों को उचित कार्रवाई के आदेश दिए। इस अवसर पर कविता, सीमा, संतरो, पार्वती, नन्ही, सुभाष, कृष्णा, भगवती व दर्शन मौजूद रहे।