संगतपुरा में पानी की किल्लत, ग्रामीणों ने किया डीसी आवास का घेराव
अमर उजाला ब्यूरो
जींद। पानी की समस्या से गुस्साएं संगतपुरा गांव के लोगों ने शनिवार को डीसी आवास का घेराव किया। विभाग द्वारा 15 दिन बाद भी मोटर टीक नहीं होने पर संगतपुरा गांव के लोग दो ट्रैक्टर-ट्रोलियों मेें जींद पहुंचे। डीसी को कार्यालय में नहीं पाकर गांव के लोग डीसी के आवास पर पहुंचे। जहां पर लोगों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। लोगों की समस्या को समझते हुए डीसी ने जल्द ही समस्या का निजात करवाने का आश्वासन दिया। लोगों ने कहा कि पानी की समस्या को लेकर गांव के लोग पिछले 15 दिनों से परेशान हैं। पीने के पानी के लिए गांव में एक मोटर विभाग द्वारा लगाई गई थी। जिससे पानी की पूर्ति नहीं हो रही थी। जिसके बाद गांव की पंचायत ने लोगों की समस्या को समझते हुए पानी की पूर्ति के लिए एक मोटर और लगवाई। विभाग द्वारा लगाई मोटर खराब हो गई थी। जिसके बाद दूसरी मोटर से गांव के लोग जैसे-तैसे काम चला रहे थे। 15 दिन पहले वह मोटर भी खराब हो गई। जिसके बाद गांव के लोगों ने विभाग को शिकायत भी दी। पर विभाग द्वारा मोटर ठीक नहीं करवाई गई। गांव के लोग खेतों में लगे ट्यूबवेल से पीने का पानी लाने को मजबूर हैं। इस अवसर पर प्रकाश, दलबीर, जगबीर, सुरेश, पालाराम, रामकुमार, शीला, प्रेमी, बीरमती व संतोष मौजूद रहे।