उचाना में पीली लाइन से सामान रखा बाहर तो होगा जब्त
अमर उजाला ब्यूरो
उचाना।
बाजारों में दुकानदारों द्वारा एक-दूसरे की देखा-देखी दुकानों के आगे सामान रखकर किए जाने वाले अतिक्रमण पर लगाम लगाने के लिए नगर पालिका बाजारों में पीली लाइन खिंचेगी। इसके बाद अगर कोई दुकानदार इस लाइन से आगे सामान रखेगा तो बिना किसी चेतावनी के उस सामान को नपा प्रशासन जब्त करेगा ताकि लोगों को जाम से मुक्ति मिल सके। अब से पहले अनेकों बार दुकानदारों को अतिक्रमण न करने के लिए नपा अधिकारी, कर्मचारी अभियान चला कर चेतावनी देते रहे हैं, लेकिन कुछ दिनों के बाद दुकानदार फिर से दुकानों के आगे सामान रख कर अतिक्रमण कर लेते हैं। अभी नपा के पुराने भवन से लेकर रेलवे स्टेशन चौक से होते पुलिस चौकी तक दुकानों के आगे पीली लाइन खिंची गई है।
--
हर समय रहता है जाम
वाहन चालक जगरूप, रामचंद्र, सुभाष, कुलदीप ने कहा कि रेलवे रोड, लितानी रोड, पुराना बस स्टॉप सहित विभिन्न बाजारों में सड़क के दोनों तरफ दुकानदार दुकानों के आगे सामान रख कर कई-कई फीट तक अतिक्रमण कर लेते हैं। नपा प्रशासन समय-समय पर अभियान चला कर कार्रवाई करता है, लेकिन कुछ दिनों के बाद फिर से वही स्थिति हो जाती है। ऐसे में बाजारों में पूरे दिन जाम की स्थिति रहती है।
--
बाजारों में दुकानों के आगे पीली लाइन खिंचने का काम शुरू कर दिया है। कोई दुकानदार इस लाइन से आगे सामान रखेगा तो बिना किसी चेतावनी के उस सामान को नपा प्रशासन जब्त करेगा। अतिक्रमण किसी सूरत में बाजारों में सहन नहीं होगा।
आजाद सिंह, नपा सचिव, उचाना।