अमर उजाला ब्यूरो
उचाना। साल के पहले दिन देर शाम को खटकड़ गांव के पास प्राइवेट बस चालक, परिचालक द्वारा पंजाब रोडवेज की बस को रुकवाकर बस के चालक, परिचालक से मारपीट करने के मामले में थाना पुलिस ने प्राइवेट बस के चालक याशिन और परिचालक अनिल को गिरफ्तार कर लिया है। थाना पुलिस में पंजाब रोडवेज बस के चालक सोहन की शिकायत पर दोनों के खिलाफ जान से मारने की धमकी देने, सरकारी काम में बाधा पहुंचाने सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था।
बस चालक सोहन ने पुलिस को दी शिकायत में कहा था कि सोमवार शाम छह बजकर 25 मिनट पर नरवाना बस स्टैंड से अपने निर्धारित समय पर बस जींद नरवाना मार्ग पर दिल्ली जाने के लिए निकाला। प्राइवेट बस के चालक, परिचालक ने बस का पीछा कर खटकड़ गांव के बस स्टॉप पर बस के आगे प्राइवेट बस लगाकर बस को रुकवा दिया। वह दोनों बस के अंदर आकर उससे मारपीट करने लगे। इससे आंख और नाक पर चोट भी आई। परिचालक के सिर पर चोट आई। इस घटना के चलते उनकी बस दिल्ली नहीं पहुंच चुकी।